कार की चपेट में आकर फल विक्रेता की मौत
मंसूरपुर। नेशनल हाईवे पर सड़क पार करने के लिए खड़ा साइकिल सवार कार की चपेट में आ गया, जिससेे उसकी मौत हो गई। कार चालक को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। मृतक की पत्नी की ओर से पुलिस को तहरीर दी गई है।
गांव नरा निवासी मुनेश पत्नी सोमपाल ने पुलिस को तहरीर देते हुए बताया कि उसका पति 50 वर्षीय सोमपाल साइकिल पर फेरी लगाकर अमरूद बेचने का कार्य करता था मंगलवार को शाम वह नेशनल हाईवे पर पालीवाल फैक्टरी के पास सड़क क्रॉस करने के लिए खड़ा हुआ था, तभी मेरठ की ओर से आ रही स्विफ्ट कार ने उसे टक्कर मार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। जिला अस्पताल ले जाते हुए उसकी मौत हो गई। सूचना पर भाजपा नेता सागर सैनी सहित काफी लोग मौके पर पहुंच गए। विक्रेता की मौत से उसके घर में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने कार चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।