पुरकाजी में थर्मल स्क्रीनिंग करते स्वास्थय कर्मी।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
मुजफ्फरनगर/मोराना/बुढ़ाना/पुरकाजी। स्वास्थ्य विभाग टीम द्वारा थर्मल स्क्रीनिंग जांच तेजी से की जा रही है। नगर के हर चौराहे पर कर्मचारियों ने नागरिकों की जांच की और ब्योरा रजिस्टर में दर्ज किया।
लॉकडाउन के दौरान सवेरे छह से नौ बजे तक लोगों को खरीदारी के लिए छूट दी गई है। इस दौरान केवल पैदल ही आने की अनुमति है, लेकिन लोग दुपहिया वाहनों से भी खूब आते हैं। पुलिस ने दुपहिया वाहनों की भीड़ को खत्म करने के लिए सख्ती शुरू कर दी है। साथ ही सड़कों पर आने वाले लोगों की थर्मल स्क्रीनिंग की जा रही है। शिव चौक, मीनाक्षी चौक, महावीर चौक समेत शहर के प्रमुख चौराहों पर थर्मल स्क्रीनिंग होती है। प्रत्येक चौराहे पर दो-दो कर्मचारी लगाए गए हैं। ये आने-जाने वालों का तापमान चैक करते हैं और फिर उसे रजिस्टर में दर्ज किया जाता है। शुक्रवार को मीनाक्षी चौक पर 100 से ज्यादा लोगों की थर्मल स्क्रीनिंग हुई, जबकि शिव चौक पर भी इतने ही लोगों की जांच की गई। उधर, मोरना में चौधरी चरण सिंह चौक पर डॉक्टर अर्जुन सिंह के नेतृत्व में डॉक्टर नसीब आलम, नरेंद्र सिंह आदि की टीम ने गांव छछरौली, वजीराबाद, इलाहाबास, बिहारगढ़, शुकतीर्थ, दरियाबाद, भुवापुर, भेड़ाहेड़ी, ककराला, करहेड़ा से आए ग्रामीणों की थर्मल स्क्रीनिंग की। पुलिस प्रशासन ने गांव की गलियों एवं चौराहों पर एनाउंसमेंट करते हुए लॉकडाउन में अपने घर के अंदर रहने तथा सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने का आह्वान किया। वहीं, बुढ़ाना कस्बे के प्रमुख चरण सिंह तिराहा, महावीर तिराहा, होली चौक व दयानंद चौक चौराहे पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने लोगों की थर्मल स्क्रीनिंग की। प्रभारी चिकित्साधिकारी ने बताया कि 808 लोगों की थर्मल स्क्रीनिंग की गई। उधर, पुरकाजी में 154 लोगों की स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा खादर तिराहे पर थर्मल स्क्रीनिंग की गई। स्वास्थ्य कर्मी प्रवेश कुमार ने बताया कि कुछ लोग देहात क्षेत्र से व कुछ लोग कस्बा निवासी थे। इस दौरान पास के गांव हरीनगर निवासी एक परिवार के लोगों ने गांव भोजाहेड़ी में हुई एक मौत में जाने की बात कही जिन्हें पुलिस ने वापस लौटा दिया।
महावीर चौक पर थर्मल स्क्रीनिंग करते स्वास्थ विभाग के कर्मचारी।- फोटो : MUZAFFARNAGAR