मुजफ्फरनगर। देहात में संपर्क मार्गों का जाल मजबूत किया जा रहा है। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत 50 किलोमीटर की अलग-अलग सड़कों का अनुरक्षण कार्य इसी सप्ताह पूर्ण कर लिया जाएगा। सड़कों की मरम्मत से आवागमन में लोगों को सुविधा होगी।
केन्द्रीय सरकार की ओर से प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना-3 बैच-1 के तहत पांच वर्ष के दौरान जिले की 25 सड़कों की मरम्मत की जिम्मेदारी ली गई है।
इन सड़कों की लंबाई 237 किमी. है। वर्ष 2024-25 के तहत इनमें से छह मार्गों की मरम्मत कराई जा रही है। जिनकी लंबाई 49 किमी. है। जिन पर 7.93 करोड़ रुपये की लागत आ रही है।
ग्रामीण अभियंत्रण विभाग के एक्सईएन अनिल कुमार सिंह ने बताया कि तिसंग से सलारपुर, भैंसी से जानसठ, बघरा से कुटबा और जसोई से थाना भवन रोड एवं चरथावल से तिताबी और बसिकला से कुटबा तक के संपर्क मार्गों की मरम्मत कराई जा रही है। उन्होंने बताया कि चार संपर्क मार्गों की मरम्म्त का कार्य पूरा हो चुका है।
जबकि बरसात आने से पहले ही चार जुलाई तक बाकी संपर्क मार्गों की मरम्मत का काम पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।