शिकायतों के निस्तारण की होगी क्रॉस चेकिंग: डीएम
मुजफ्फरनगर। डीएम सेल्वा कुमारी जे ने कहा कि संपूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों का निस्तारण संवेदनशील होकर प्राथमिकता पर किया जाए। शिकायतों के निस्तारण की क्रॉस चेकिंग होगी। एक ही प्रकृति की समस्या के निस्तारण के लिए फरियादी को बार-बार न आना पड़े। उन्होंने कहा कि आईजीआरएस प्रणाली के माध्यम से प्राप्त शिकायतों का तत्काल निस्तारण कराया जाए।
सदर तहसील में संपूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर जन शिकायतों का निस्तारण करते हुए डीएम ने कहा कि फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता से लें। संपूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों का अधिकारी संवेदनशील होकर तत्परता के साथ इनका निस्तारण करें। इसके अतिरिक्त चकबंदी विभाग, शिक्षा विभाग, खाद्य आपूर्ति विभाग, कृषि विभाग, पीडब्लूडी, पुलिस, समाज कल्याण विभाग, वृद्धावस्था पेंशन, विधवा पेंशन आदि विभागों की समस्याओं पर जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि एक सप्ताह के अंदर शिकायतों का निस्तारण सुनिश्चित कराया जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतें लंबित न रखी जाए और शिकायत प्राप्त होते ही उनके निस्तारण की कार्यवाही प्राथमिकता पर संचालित की जाए। जन सामान्य के कल्याणार्थ संचालित विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों को दिया जाना सुनिश्चित करें। एसडीएम दीपक कुमार, तहसीलदार सहित समस्त जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।