मेडिकल स्टोर में चोरी का खुलासा, चार पकड़े
तितावी (मुजफ्फरनगर)। लालूखेड़ी बस स्टैंड पर पुलिस चौकी से चंद कदमों की दूरी पर बृहस्पतिवार देर रात तीन मेडिकल स्टोरों में हुई चोरी का खुलासा करते हुए पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों से चोरी किया गया सामान भी बरामद किया गया है।
थाना क्षेत्र के लालूखेड़ी बस स्टैंड पर पुलिस चौकी से चंद कदमों की दूरी पर स्थित भारत मेडिकल स्टोर, शिव मेडिकल स्टोर और राहुल मेडिकल स्टोर की छत में सेंध लगाकर हजारों की नकदी, दवाइयां व कीमती सामान चोरी कर लिया था। घटना से गुस्साए व्यापारियों ने हंगामा करते हुए अपनी दुकानों की चाबियां पुलिस को सौंपते हुए दुकान खोलने से इंकार कर दिया था। सूचना पर पहुंचे इंस्पेक्टर गुरुबचन सिंह ने तीन दिन में चोरी के खुलासे का आश्वासन देकर दुकानदारों को शांत किया था। शनिवार सुबह पुलिस ने चार बदमाशों को गिरफ्तार कर चोरी की वारदात का खुलासा कर दिया। इंस्पेक्टर गुरुबचन सिंह ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों में आमिर पुत्र शहीद, सालिम पुत्र शहीद व इंतजार पुत्र इलियास निवासीगण मोहल्ला गुजरान थाना कांधला जनपद शामली और फारुख पुत्र हारुन निवासी हेवा मीरपुर थाना छपरौली जनपद बागपत शामिल हैं। आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए च्यव्नप्राश, शहद के डिब्बों के साथ ही शैंपू की शीशियां और 1100 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। इंस्पेक्टर ने बताया कि आरोपी दिन में गांवों में घूमकर साइकिल चलाकर खेल दिखाते हैं और रात में चोरी की घटनाओं को अंजाम देते हैं। सभी आरोपियों को पूछताछ के बाद जेल भेज दिया गया है।