युवक ने सिर में गोली मारकर खुद मौत को गले लगाया
बुढ़ाना (मुजफ्फरनगर)। डूंगर गांव में युवक नवीन ने घर के कमरे में अपने सिर में तमंचे से गोली मारकर मौत को गले लगा लिया। इस घटना से परिवार में कोहराम मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने आत्महत्या में प्रयुक्त तमंचा को बरामद कर लिया है।
थाना फुुगाना क्षेत्र के गांव डूंगर निवासी नवीन उर्फ छोटू (25) पुत्र अजय नशे का आदी था। शनिवार को नवीन अपने घर पर था। दोपहर में नवीन ने अपने कमरे में पहुंचकर 315 बोर के तमंचे से अपने सिर में गोली मार ली। गोली लगने से नवीन की मौके पर ही मौत हो गई। गोली की आवाज सुनकर परिवार व मोहल्ले वाले कमरे में पहुंचे। परिवार के सदस्यों ने देखा कि खून से लथपथ नवीन जमीन पर पड़ा हुआ था। तमंचा उसके पास पड़ा हुआ था। सूचना मिलते ही फुगाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने आत्महत्या में प्रयुक्त तमंचा मौके से बरामद किया।
दो सप्ताह में फुगाना क्षेत्र में तीसरी आत्महत्या
बुढ़ाना। थाना फुगाना के गांव डूंगर में 29 अप्रैल को गांव डूंगर निवासी सुधीर (35) पुत्र आशाराम ने गोली मारकर आत्महत्या कर ली थी। फुगाना पुलिस का कहना है कि सुधीर मानसिक रूप से बीमार था। इस घटना के दो सप्ताह बाद इसी गांव के नवीन ने भी शनिवार को दोपहर गोली मारकर आत्महत्या कर ली। फुगाना क्षेत्र में दो सप्ताह में यह तीसरी आत्महत्या हो गई। 29 अप्रैल को ही लोई गांव में भी फराद अली (45) पुत्र ताज अली ने गोली मारकर आत्महत्या कर ली थी।