युवक पर चाकुओं से वार हालत गंभीर
मुजफ्फरनगर। शहर के मल्हूपुरा में ससुराल पक्ष से हुए विवाद में युवक को चाकुओं से गोद दिया गया। उसे गंभीर हालत में मेरठ रेफर किया गया है। पीड़ित परिजनों ने बेटी की ससुराल पक्ष के चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के मोहल्ला मल्हूपुरा निवासी अजहर पक्ष की बेटी की शादी मोहल्ला खालापार निवासी युवक से कुछ समय पूर्व हुई थी। शादी के बाद से ही दोनों पक्षों के बीच किसी बात को लेकर विवाद चल रहा है। आरोप है कि शुक्रवार रात लड़का पक्ष मल्हूपुरा में लड़की पक्ष के घर पहुंचा, जहां एक बार फिर किसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गया। विवाद बढ़ने पर लड़के पक्ष के लोगों ने लड़की पक्ष के अजहर को पकड़कर चाकुओं से गोद दिया। पेट में कई चाकू लगने से अजहर लहूलुहान होकर गिर पड़ा, जिसके बाद आरोपी धमकी देते हुए फरार हो गए। परिजन तत्काल घायल अजहर को जिला अस्पताल ले गए, जहां से उसे नाजुक हालत में मेरठ रेफर कर दिया गया है। इंस्पेक्टर डीके त्यागी ने बताया कि अजहर पक्ष की तहरीर पर शोएब व उसके परिवार के तीन अन्य लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश की जा रही है।