मुजफ्फरनगर। खुब्बापुर थप्पड़ कांड के पीड़ित छात्र के पिता ने कहा कि बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से चार माह से परिवहन खर्च नहीं दिया जा रहा है। वह बीएसए कार्यालय के चक्कर काट रहा है, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।
मंगलवार को छात्र के पिता ने बताया कि वह कई बार बीएसए कार्यालय पहुंच चुका है, लेकिन उसकी सुनवाई नहीं हुई। कुछ कर्मचारी उसकी मुलाकात बीएसए संदीप कुमार से भी नहीं होने दे रहे हैं। चार माह से खर्च नहीं मिलने के कारण वह आर्थिक तौर पर भी परेशानी झेल रहा है। अपने बेटे की पढ़ाई के लिए वह रोजाना बाइक पर आता है। विभाग की ओर तय किए गए रुपये भी उसे नहीं दिए जा रहे हैं।
खुब्बापुर गांव के स्कूल में शिक्षिका तृप्ता त्यागी ने पांच का पहाड़ा नहीं सुनाने पर अल्पसंख्यक समुदाय के छात्र की सहपाठियों से पिटाई करा दी थी। इसी दौरान जातीय टिप्पणी का भी आरोप है। प्रकरण के दौरान पीड़ित छात्र के चचेरे भाई ने वीडियो बना लिया। वीडियो के वायरल होते ही शिक्षिका की गिरफ्तार करने की मांग उठने लगी। शिक्षिका पर एफआईआर दर्ज हो गई थी। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के पौत्र तुषार गांधी ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दाखिल की थी, जिसकी सुनवाई चल रही है।