मीरापुर (मुजफ्फरनगर)। दिल्ली-पौडी राजमार्ग पर देवल में लगे ट्रैफिक जाम में मुजफ्फरनगर शहर के भाजपा हनुमत मंडल अध्यक्ष रोहित तायल के बहनोई को रामराज थाने के सिपाही ने पीटकर घायल कर दिया। जानकारी मिलने पर भाजपाइयों ने हंगामा किया। रामराज थाने पहुंचे भाजपाइयों ने आरोपी सिपाही के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने तथा तत्काल निलंबित करने की मांग को लेकर हंगामा किया। इस संबंध में तहरीर दे दी गई है। थानाध्यक्ष ने बताया कि प्रकरण की जांच की जा रही है।
मुजफ्फरनगर के लोहिया बाजार निवासी रोहित तायल भाजपा के हनुमत मंडल अध्यक्ष है। शुक्रवार को उनके बहनोई कांगडा (हिमाचल प्रदेश) निवासी अभिलाष, बहन रोहिणी कार से कोटद्वार स्थित सिद्घबली मंदिर दर्शन को जा रहे थे। दिल्ली-पौड़ी राजमार्ग पर देवल के पास जाम लगा था। दोपहर करीब 12 बजे अभिलाष की कार भी जाम में फंस गई। इसी दौरान पुलिसकर्मी शैलेन्द्र व उसके एक साथी देवल निवासी प्रविन्द्र की अभिलाष से कहासुनी हो गई। आरोप है कि सिपाही ने अभिलाष के माथे पर चोट मारकर घायल कर दिया। अभिलाष व उनकी पत्नी रोहिणी ने घटना के बारे में मुजफ्फरनगर अपने परिजनों को बताया। अभिलाष के घायल होने की जानकारी मिलते ही दर्जनों भाजपा कार्यकर्ता थाना रामराज पहुंच गए और हमला करने वाले सिपाही शैलेंद्र को निलंबित करने की मांग की। थाने पर जमकर हंगामा किया। हंगामा करने वालों में मीरापुर मण्डल अध्यक्ष शिवम राजवंशी, अंकुर अरोरा, जिला मंत्री अजय सागर, विशु मलिक, हैप्पी शर्मा, माणिक, सागर सिरोही, आदित्य अहलावत आदि शामिल रहे। भाजपा नेता रोहित तायल की ओर से थाने पर तहरीर दी गई है। उधर, घायल अभिलाष को जानसठ स्थित अस्पताल में उपचार दिलाया गया। थानाध्यक्ष राजेन्द्र गिरी ने बताया कि पीड़ित पक्ष से तहरीर आ गई है और मामले की जांच की जा रही है। उधर, आरोपी सिपाही भूमिगत हो गया है।