कोरोना की दूसरी लहर ने उजाड़ दिए घर
मुजफ्फरनगर। जब-जब 2021 का जिक्र होगा, तब-तब कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर खराब यादों की तरह झकझोर देगी। बदइंतजामी के दौर में लोगों ने अपनों को मरते देखा। शहर से लेकर देहात तक श्मशान घाट और कब्रिस्तान छोटे पड़ गए।
सिर्फ स्वास्थ्य विभाग के रिकॉर्ड की ही बात करें तो 269 लोगों की मौत कोरोना संक्रमण के कारण हुई है। लेकिन हकीकत में आंकड़ा इससे भी कहीं ऊपर है। लोग मरते गए और व्यवस्था तमाशबीन बनी रही। संक्रमण का आंकड़ा 30 हजार के ऊपर है। लहर की रफ्तार कम हुई तो स्वास्थ्य विभाग ने इंतजाम शुरू किए, लेकिन फिर तीसरी लहर ने दस्तक दे दी। 2021 में लोग कोरोना से दो-चार होते रहे।
राज्यमंत्री विजय कश्यप का हो गया निधन
कोरोना संक्रमण के कारण राज्यमंत्री विजय कश्यप का निधन हो गया। चरथावल से विधायक चुने गए विजय कश्यप का लंबे समय तक उपचार चला, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका।
अनाथ हुए बच्चों की मदद के लिए बढ़े हाथ
उत्तर प्रदेश बाल सेवा योजना कोविड में जिले के 285 बच्चों का चयन किया गया। दिसंबर 2021 तक 29 लाख 72 हजार की धनराशि खातों में भेजी गई। उत्तर प्रदेश मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना सामान्य में 106 बच्चों का चयन किया गया।
आठ बच्चों को दिए गए दस लाख रुपये
कोविड से प्रभावित आठ बच्चों को 10 लाख रुपये एकमुश्त दिए गए। कोरोना के कारण यह बच्चे अनाथ हो गए थे।