शायर के मकान की छत गिरने के बाद मलबे में दबा सामान
- फोटो : DEVBAND
देवबंद। प्री-मानसून की पहली बारिश राहत के साथ आफत भी लेकर आई। तेज आंधी के बाद हुई बारिश से मोहल्ला अबुलमाली में एक मकान की छत भरभराकर गिर गई। जिसमें मलबा गिरने से प्रसिद्ध शायर अब्दुल्ला राही घायल हो गए। जिनका प्राइवेट अस्पताल में उपचार कराया गया।
मोहल्ला अबुल माली में प्रसिद्ध शायर अब्दुल्ला राही का मकान है। राही अपने मकान के एक कमरे में सोये हुए थे। सोमवार की तड़के आई तेज आंधी बारिश में मकान की छत में लगी कड़ियां भरभराकर गिर गई। मलबे के नीचे अब्दुल्ला राही दबकर घायल हो गए। अब्दुल्ला राही के बेटे अब्दुर्रहमान सैफ ने बताया कि छत गिरने से धमाके की आवाज सुनकर मोहल्ले के लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे और मलबे में दबे उनके पिता अब्दुल्ला राही को बाहर निकाला। घायल राही का प्राइवेट अस्पताल में उपचार कराया गया। पीड़ित परिवार ने प्रशासन से मुआवजा दिलाने की मांग की है।
उधर, आंधी बारिश के चलते बिजली के खंभे टूटने से तलहेड़ी बुजुर्ग व चंदेना कोली बिजलीघर से जुड़े 24 से अधिक गांवों की बत्ती गायब है। विद्युत अधिकारियों का कहना है कि आंधी बारिश से नुकसान पहुंचा है। मरम्मत कार्य किया जा रहा है। नगर में भी कई स्थानों पर दुकानों के बाहर लगे फ्लैक्स, साइन बोर्ड उखड़कर दूर जा गिरे। बारिश होने से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है, लेकिन बारिश से हुए जलभराव ने नगरपालिका के सफाई व्यवस्था के दावों की पोल भी खोलकर रख दी। त्रिवेणी चीनी मिल की मौसम वेधशाला के इंचार्ज सुभाष वर्मा ने बताया कि प्री-मानसून की पहली बारिश से तापमान में सात डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आई है। अधिकतम तापमान 43 से घटकर 36 और न्यूनतम 25 से गिरकर 21 डिग्री सेल्सियस पर आ गया है। उन्होंने बताया कि जनपद में 20 से 25 जून तक मानसून दस्तक दे सकता है।
मकान के मलबे में दबकर घायल हुए शायर अब्दुल्लाह राही- फोटो : DEVBAND