पुरकाजी। दिल्ली-दून हाईवे पर संपर्क मार्ग के चौड़ीकरण का शिलान्यास कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार ने किया। उन्होंने कहा कि दोनों तरफ सड़क बेहद खराब हालत में थी, अब निर्माण होने से राहत मिलेगी।
गांव भूराहेड़ी से सूलीवाला बाग तक और पुरकाजी की सीमा से गांव फलौदा कट तक करीब पांच किमी तक सड़क के दोनों तरफ डेढ़-डेढ़ मीटर चौड़ीकरण का कार्य लोकनिर्माण विभाग की ओर से कराया जाएगा। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री ने कहा कि क्षेत्र में गन्ना विभाग की ओर से बनाए जाने वाली करीब दो दर्जन अन्य सड़कों को भी लोकनिर्माण विभाग की ओर से बनवाया जाएगा। खादर क्षेत्र में बाढ़ के पानी से टूटी सड़कों को चिह्नित कर मरम्मत भी जल्द ही करवाई जाएगी।
प्रदेश में विकास की गंगा बह रही है। सड़कों का चौड़ीकरण और बेहतर सड़क संपर्क न केवल सुगम यातायात की दिशा में अहम कदम है, बल्कि यह ग्रामीण अंचल के आर्थिक, सामाजिक और व्यापारिक विकास का भी आधार है। इस दौरान अवर अभियंता देव प्रकाश सिंह, विपिन कुमार, धर्मेंद्र राठी, मोनू पंवार, बशारत खान, नवीन त्यागी, मनोज चौहान, विनय मित्तल, अनिल गौतम, सचिन शर्मा, प्रदीप गुर्जर मौजूद रहे।
सेल्स टैक्स का भवन ग्राम पंचायत को दिलाने की मांग
ग्राम प्रधान के पति मोनू पंवार ने कैबिनेट मंत्री को बताया कि हाईवे पर 20 वर्ष से सेल्स टैक्स विभाग के कार्यालय का भवन बंद है। यह जर्जर हालत में है। भवन को ग्राम सभा को दिलवाया जाना चाहिए। ग्राम पंचायत भवन का सदुपयोग करेगी।