डीएवी इंटर कॉलेज में टीईटी परीक्षा देने आए परीक्षार्थियों के प्रवेश पत्रों की जांच करते शिक्षक।
- फोटो : अमर उजाला
मुजफ्फरनगर शहर में 12 सेंटरों पर यूपी टीईटी की परीक्षा कराई गई। दो पॉलियों में हुई परीक्षा में 850 से अधिक अभ्यर्थियों ने पेपर छोड़ा। पहली पॉली में 173 नदारद रहे, जबकि दूसरी पाली में 688 ने परीक्षा से मुंह मोड़ लिया। कई अभ्यर्थियों ने बताया कि गणित और पर्यावरण के सवाल कठिन रहे। लखनऊ और मेरठ में पेपर लीक होने की अफवाह से शहर में भी अफसरों में खलबली मची रही।
यूपी टीईटी के लिए शहर में 12 सेंटर बनाए गए, जिनमें जीआईसी, डीएवी इंटर कॉलेज, एसडी इंटर कॉलेज, दीपचंद्र ग्रेन चेंबर इंटर कालेज, इस्लामिया इंटर कॉलेज, एसडी कन्या इंटर कॉलेज, वैदिक पुत्री कन्या इंटर कॉलेज नई मंडी, आर्य कन्या इंटर कॉलेज, जैन कन्या इंटर कॉलेज प्रेमपुरी और नगर पालिका इंटर कालेज शामिल रहे। पहली पॉली सुबह दस बजे से तीन सेंटर पर हुई। प्राथमिक स्तर की इस परीक्षा में 2286 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, परीक्षा में 2113 शामिल हुए, जबकि 173 ने परीक्षा छोड़ी है। दूसरी पाली में उच्च प्राथमिक स्तर की रही। जिसमें 12 सेंटरों पर 7363 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, इनमें से 6675 ने परीक्षा में भाग लिया। वहीं, 688 ने परीक्षा छोड़ी है। परीक्षा को सकुशल सम्पन्न कराने के लिए प्रशासन और शिक्षा विभाग ने 12-12 पर्यवेक्षकों के साथ सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात किए रखे। परीक्षा केंद्रों के बाहर कड़ी सुरक्षा रही। पहले पेपर में बाल विकास एवं शिक्षण से संबंधित सवाल पूछे गए, जबकि दूसरी पाली में सामान्य ज्ञान, गणित आदि के सवाल रहे, जिन्हें हल करने में अभ्यर्थियों के पसीने छूट गए। परीक्षा के नोडल प्रभारी डीआईओएस मुनेश कुमार ने बताया कि जनपद में टीईटी की परीक्षा सकुशल सम्पन्न हुई। किसी केंद्र पर कोई गड़बड़ी सामने नहीं आई है।
पेपर लीक होने की अफवाह
मुजफ्फरनगर। लखनऊ और मेरठ में पेपर लीक होने की अफवाह से शहर भी अछूता नहीं रहा। इसको लेकर प्रशासन और शिक्षा विभाग के अधिकारियों में खलबली मच गई। सेक्टर मजिस्ट्रेटों ने पुलिस बल के साथ मिलकर केंद्रों पर अभियान चलाया। पर्यवेक्षकों से परीक्षा की बाबत जानकारी जुटाई गई।
यातायात व्यवस्था चरमराई
मुजफ्फरनगर। जिले में टीईटी के पेपर को आठ हजार से अधिक अभ्यर्थियों की भीड़ शहर पहुंची, जिसके चलते रोडवेज, रेलवे स्टेशन पर भीड़भाड़ रही। वहीं, अधिकांश अभ्यर्थी अपने वाहनों से पहुंचे। इससे शिव चौक, महावीर चौक, आहिल्याबाई चौक, मालवीय चौक, प्रकाश चौक के साथ कचहरी मार्ग पर जाम के हालात बने रहे।
इस तरह के आए प्रश्न पत्र में सवाल
-स्टैनफोर्ड-बिने परीक्षण मापन करता है।
- अंतर्मुखी व्यक्ति और बहिर्मुखी व्यक्ति का वर्गीकरण किसने किया है?
-बच्चों के सामाजिक विकास का प्रभावित करने वाले कारक है।
-हिंदी भाषा में कितनी बोलियां हैं?
-भारतेंदु युग में निकलने वाली पत्रिका युग्म है।
-बारह बरस लौ कूकर जीवै, अरु तेरह लौ जिवै सियार, यह पंक्ति किसने लिखी है?
-कौन सा रासो आल्हाखंड के नाम से प्रसिद्ध है?
-सूरसागर किस भाषा की रचना है?