मुजफ्फरनगर। जिला कारागार के बैरक नंबर-आठ में बंद विचाराधीन बंदी की शिकायत पर एडीजे-13 कोर्ट ने जेल अधीक्षक को स्पष्टीकरण देने के लिए नौ अगस्त को तलब किया है। बंदी ने हेड वार्डन पर दो हजार रुपये मांगने औश्र बदसलूकी करने का आरोप लगाते हुए कोर्ट से कार्रवाई की गुहार लगाई थी।
फुगाना थाना क्षेत्र के गांव करौदा महाजन निवासी सुनील कुमार ने एडीजे कोर्ट संख्या-13 को जेल से भेजे शिकायती पत्र में बताया कि वह चार साल से जेल की बैरक नंबर-आठ में बंद है। उसकी बैरक का हेड वार्डन उमेश कुमार द्वारा पिछले कुछ समय से उससे लगातार दो हजार रुपये की मांग की जा रही है। आरोप है कि जेल वार्डन उमेश कुमार द्वारा रुपये न देने पर बंदी सुनील को झूठे आरोप लगाकर तन्हाई बैरक में बंद कराने की धमकी दी जा रही है।
बंदी के अनुसार, जेल वार्डन के उत्पीड़न से तंग आकर उसे बार-बार आत्महत्या करने के ख्याल आ रहे हैं। बंदी ने कोर्ट से मामले में कार्रवाई के साथ ही सुरक्षा की भी गुहार लगाई थी, जिसका संज्ञान लेते हुए कोर्ट ने जेल अधीक्षक को पत्र जारी कर मामले में स्पष्टीकरण देने के लिए नौ अगस्त को तलब किया है।