साप्तहिक बंदी के दौरान भगत सिंह रोड पर पसरा सन्नाटा।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
कोरोना संक्रमण की रफ्तार थमी है, लेकिन सतर्कता जरूरी
मुजफ्फरनगर। जनपद में कोरोना संक्रमण के मामले शून्य की तरफ बढ़ते हुए संक्रमण के मामले केवल दो अंक तक सिमटकर रह गए हैं। हालांकि इसके बावजूद प्रशासन ने सतर्कता बरतते हुए दो दिन के साप्ताहिक लॉकडाउन को जारी रखा है, जिसके पहले दिन शहर में पूरी तरह सन्नाटा पसरा रहा। सीएमओ डॉ. एमएस फौजदार का कहना है कि कोरोना संक्रमण के मामले कम हुए हैं, लेकिन कोरोना अभी पूरी तरह से गया नहीं है। इसलिए पहले की ही तरह सतर्कता बरता जाना अभी बेहद जरूरी है। वहीं, वैक्सीनेशन के काम में भी तेजी लाई जा रही है, जिससे तीसरी लहर की आशंका को बेहद कम किया जा सके।
जनपद में कोरोना संक्रमण के मामले अब लगातार कम होते जा रहे हैं। शनिवार को भी कोरोना संक्रमण का कोई मामला नहीं मिलने और छह मरीजों के पूरी तरह स्वस्थ होने के चलते जिले में संक्रमित मरीजों का आंकड़ा कम हो गया है। सुधार की रफ्तार को देखते हुए जल्द ही जनपद के कोरोना संक्रमण से पूरी तरह मुक्त होने की संभावना भी अब जगने लगी है, लेकिन सतर्कता बरतते हुए फिलहाल जनपद में किसी तरह की ढील प्रशासन द्वारा नहीं दी गई है।
दो दिवसीय साप्ताहिक लॉकडाउन को भी प्रशासन द्वारा जारी रखा गया है, जिसके चलते शनिवार को पहले दिन शहर की सड़कों पर पूरी तरह से सन्नाटा पसरा रहा। सभी प्रमुख बाजार व दुकानें पूरी तरह से बंद रहीं और सड़कों पर भी संक्षिप्त ही आवाजाही रही, जिसके चलते सड़कें भी पूरी तरह से सुनसान रहीं। सुबह दस बजे तक निर्धारित फल-सब्जी के साथ ही दूध डेयरियां और किराना की ही दुकानें खोली गईं। इसके बाद शहर की सड़कों पर केवल चंद ठेली-रेहड़ी वाले फल विक्रेता ही नजर आए।