अफसरों ने बंदियों के बनाए गए मास्क को परखा
मुजफ्फरनगर। आला अफसरों ने रविवार को अचानक जिला कारागार पहुंचकर वहां कोरोना से बचाव की तैयारियों का जायजा लिया। इसके साथ ही डीएम-एसएसपी ने जेल के बंदियों द्वारा तैयार किए जा रहे एंटी कोरोना मास्क की गुणवत्ता को भी परखते हुए जरूरी दिशा-निर्देश दिए। दोनों अफसरों ने जेल अफसरों से कोरोना वायरस से बचाव के लिए की गई तैैयारियों की जानकारी लेकर जेल परिसर व बैरकों का जायजा लिया। जेलकर्मियों को बंदियों की सुरक्षा के लिए किए गए उपायों की जानकारी देते हुए प्रत्येक बैरक के बाहर साबुन, सैनिटाइजर व तौलिये रखने के निर्देश दिए गए।
रेलवे स्टेशन, रोडवेज व मुख्य मार्गों का किया निरीक्षण
मुजफ्फरनगर। डीएम सेल्वा कुमारी जे और एसएसपी अभिषेक यादव ने रविवार को शहर क्षेत्र के साथ ही रेलवे स्टेशन, रोडवेज बस स्टैंड और मुख्य मार्गों व चौराहों का निरीक्षण किया। अफसरों ने इस दौरान ड्यूटी पर मौजूद पुलिसकर्मियों व अन्य कर्मचारियों से वार्ता कर उन्हें मुस्तैदी से काम करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही ड्यूटी पर मौजूद कर्मचारियों को सैनिटाइजर भी वितरित कर उन्हें अपनी सुरक्षा का भी ध्यान रखने के निर्देश दिए।