भोपा (मुजफ्फरनगर)। गंगनहर पटरी मार्ग पर कार सवार बदमाश दो बच्चों को बंधक बनाकर पशुओं को लूट ले गए। पुलिस ने ग्रामीणों के साथ पहुंचकर बदमाशों की तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। पीड़ित परिवार ने तहरीर देकर कार्रवाई की गुहार लगाई है।
थाना क्षेत्र के गांव नंगला बुजुर्ग निवासी गुलशेर के दो बच्चे खुर्शीद और रईस बृहस्पतिवार शाम गंगनहर पटरी मार्ग पर बकरों को लेकर चराने गए थे। गंगनहर पटरी मार्ग पर भोपा की ओर से कार सवार कुछ लोग वहां पहुंचे और दोनों बच्चों से रास्ता पूछने के बहाने बात करने लगे। आरोप है कि बदमाशों ने दोनों बच्चों के हाथ-पैर बांधकर उन्हें सड़क किनारे डाल दिया और बकरे कार में डालकर ले गए। बदमाशों के फरार होने के बाद बच्चों ने शोर मचाया, जिस पर आसपास से गुजर रहे राहगीरों ने उनको बंधनमुक्त कराया। इसके बाद दोनों बच्चों ने परिजनों को घर जाकर घटना की जानकारी दी। पीड़ित परिवार ने घटना की तहरीर देकर कार्रवाई की गुहार लगाई है।