खतौली में बाजार को सैनिटाइज करते कर्मचारी।
- फोटो : KHATAULI
जानसठ। प्रदेश सरकार की ओर से कोरोना वायरस से लोगों को बचाने के लिए दो दिवसीय लॉकडाउन के दूसरे दिन रविवार को बाजार बंद रहे। सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। रविवार को भी दूसरे दिन सुबह से ही बाजारों में दुकानें बंद रही। रविवार शाम तक पुलिस बाजारों की सड़कों और गली व मोहल्लों में गश्त करती रही।
नगर में सैनिटाइजेशन कराया
खतौली। लॉकडाउन के दूसरे दिन सभी बाजार बंद रहे। पुलिस ने सड़कों पर बिना कारण घूमने वाले लोगों से पूछताछ की और उन्हें घर जाने के लिए कहा। पालिका प्रशासन समेत अग्निशमन दल की टीम ने नगर की गली मोहल्ला में बाजारों को सैनिटाइज किया। कोरोना वायरस के संक्रमण की चेन को तोड़ने के लिए शासन ने दो दिन का लॉकडाउन किया है। इस दौरान नगर के सभी बाजारों, समेत दफ्तर आदि भी बंद हैं।
पुरकाजी में लॉकडाउन रहा बेअसर
पुरकाजी। लॉकडाउन के दूसरे दिन कस्बे में व्यापारियों के प्रतिष्ठान बंद रहे। वहीं सड़कों पर लोगों की आवाजाही लगातार चालू रही। कई जगह लोग एकत्र होकर एक दूसरे से बतियाते नजर आए। इसके अलावा गली मोहल्लों की दुकानें भी खुली रही। गांव देहात में ग्रामीण रोजमर्रा की तरह अपने काम करते नजर आए। प्रभारी निरीक्षक सुभाष गौतम का कहना है कि लॉकडाउन का पूरी तरह पालन कराया गया है। कुछ जरूरी कार्य वाले लोगों को ही घरों से बाहर सड़कों पर आने की अनुमति दी गई।