मुजफ्फरनगर। रात के समय गर्मी ने लोगों के पसीने छुड़ा दिए। सोमवार रात का न्यूनतम तापमान इस मौसम का अब तक का सर्वाधिक 27.3 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। दिन का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
जिले की जनता को सुबह-शाम और रात में भी गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। जिले में लगातार बढ़ रही गर्मी की हालत यह है कि न्यूनतम तापमान भी यहां 27.3 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है। दिन में बाजारों में भी सन्नाटे जैसी स्थिति है। मौसम का असर यातायात व्यवस्था पर भी पड़ रहा है। दिन में लगभग एक घंटे के लिए आकाश में बादल छा गए। बादल छा जाने से ऐसा लगा कि गर्मी से कुछ राहत मिली। कुछ देर के लिए तेज हवा भी चली। इसके बाद बादल छंट गए और फिर लोगों को भीषण गर्मी ने अपना अहसास करा दिया।