- समाज कल्याण विभाग के कार्यालय का बाबू बताकर चार लाख रुपये ठगे
संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। प्रधानमंत्री आवास योजना में पक्का मकान बनवाने का झांसा देकर ठग ने ग्रामीण से चार लाख रुपये ठग लिए। आरोपी ने खुद को समाज कल्याण विभाग के कार्यालय में बाबू बताया। पीड़ित ने रिपोर्ट दर्ज कराई।
बुढ़ाना कोतवाली के गांव उकावली निवासी सतेंद्र ने एसएसपी संजय कुमार वर्मा को प्रार्थनापत्र देकर बताया कि कुछ दिन पहले उसके घर दंपति गाय खरीदने के बहाने आए। खुद को मेरठ के थाना सरुरपुर के गांव मानापुठी निवासी गुलफाम उर्फ दिलदारा बताया। यह भी दावा किया कि वह मुजफ्फरनगर में समाज कल्याण विभाग कार्यालय में बाबू है। उसकी बेटी सपना उर्फ शहजादी लखनऊ में क्लर्क है।
वह उसका मकान प्रधानमंत्री आवास योजना से पक्का बनवा देंगे। उसकी फाइल बनवा कर कुछ ही दिनों में खाते में पैसे डलवा देंगे। बहकावे में आकर दोनों को पीड़ित ने बीस हजार रुपये नकद दे दिए।
इसके बाद आरोपी ने कई बार में बहाने बनाकर चार लाख रुपये ऑनलाइन खाते में जमा करा लिए। उस पर केसीसी का कर्जा बताकर उसे बेटी से कहकर माफ कराने का झांसा दिया। पीड़ित ने कर्ज लेकर पैसा आरोपी के खाते में जमा कराया।
अभी भी पैसे की मांग की जा रही है। पीड़ित ने एसएसपी को दिए प्रार्थना पत्र में लिखा कि वह जमीन व मकान बेचने को मजबूर है। उसका पैसा वापस नहीं दिलवाया गया तो उसे आत्महत्या करनी पड़ेगी। सीओ बुढ़ाना गजेंद्र पाल सिंह ने बताया कि एसएसपी के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू की है।