मुजफ्फरनगर में जिला कारागार में बाहर से खाना मंगाने को लेकर बंदियों द्वारा किए गए हंगामे की जांच के लिए डीआईजी वीके शेखर जांच के लिए जेल पहुंचे। डीआईजी ने हंगामा करने वाले बंदियों और अधिकारियों से बात कर मामले को सुलझाया और बाहर से आने वाले खाने पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगाने की हिदायत दी।
जेल में मंगलवार रात बंदियों ने बाहर से आने वाले खाने को बंद करने पर हंगामा काटा था। रात को जेल में मिलने वाले भोजन को खाने से इंकार कर दिया था। बाद में जेल अधीक्षक राकेश सिंह के आश्वासन पर बंदियों ने खाना खा लिया था। मामले की जानकारी अधिकारियों को दे दी गई थी।
बुधवार को डीआईजी कारागार मेरठ से मामले की जांच के लिए जेल पहुंचे। डीआईजी ने बाहर से आने वाले खाने की मांग करने वाले बंदियों से बात की। उन्होंने बंदियों से कहा कि बाहर से खाना बिल्कुल नहीं आएगा।
बाद में बंदियों ने भीतर का ही खाना खाने पर अपनी सहमति जता दी। अधिकारियों ने जेल में बंद एक सपा नेता को भी हंगामा करने पर आड़े हाथों लिया।
नेता ने अधिकारियों को मामले में पूरा सहयोग करने की बात कही। डीआईजी के जेल में जांच करने के दौरान बाहर मिलाई करने वालों की भारी भीड़ मौजूद रही और इस दौरान मिलाई करने वाले को परेशानी उठानी पड़ी।