संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। ग्रीष्मकालीन अवकाश समाप्त हो गए हैं। परिषदीय स्कूलों के बाद सोमवार से सभी बोर्डों के विद्यालय भी खुल गए हैं। पहले दिन पूरे उत्साह के साथ छात्र-छात्राएं विद्यालय में पहुंचे। यहां उनका रोली व चंदन का तिलक कर स्वागत किया गया। इसके बाद कक्षाएं शुरू हुईं। बच्चों ने एक-दूसरे से छुट्टियों की स्मृतियां साझा कीं।
कई दिनों से सूने पड़े स्कूलों में छात्रों के आने के कारण चहल-पहल बढ़ गई। सोमवार को स्कूलों में अलग ही रौनक नजर आई। बच्चों ने गर्मी की छुट्टी के दौरान बिताए गए दिनों की यादें अपने सहपाठियों के साथ साझा कीं। साथ ही उनके साथ खेल-कूद कर खूब मस्ती भी की।
उधर, कई बच्चे अपना होम वर्क पूरा नहीं होने पर परेशान भी नजर आए। हालांकि अध्यापकों की सहायता से उनका होमवर्क पूरा भी कराया गया। परिषदीय स्कूलों के साथ माध्यमिक और सीबीएसई विद्यालयों में भी कक्षाएं शुरू हुईं।
पहले दिन ही विद्यालयों की कक्षाएं छात्र-छात्राओं की संख्या से भरी दिखाई दीं। पहले से किए गए मैसेज के कारण अच्छी संख्या में विद्यार्थी स्कूल पहुंचे। स्कूलों के प्रधानाचार्यों व शिक्षकों ने छात्रों का अभिनंदन किया।
बेसिक शिक्षा के करीब दस स्कूलों में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। हालांकि 28 जून को भी इन विद्यालयों में स्वागत उत्सव मनाया गया था, लेकिन सोमवार को दस स्कूलों में उत्सव मनाया गया। इस दौरान कुछ विद्यालयों में बच्चों को संचारी रोग के प्रति शपथ भी दिलाई गई।
-
इनसेट
अधिक प्रवेश व नियमित स्कूल आने का आग्रह
स्कूल खुलने के बाद पहले दिन पहुंचे बच्चों से प्रधानाचार्यों व शिक्षकों ने अधिक से अधिक प्रवेश लेने और नियमित स्कूल आने के आग्रह किया। उन्होंने कहा कि वह अपने आसपास के बच्चों को सरकारी स्कूल में दाखिला लेने के लिए जागरूक करें।
इनसेट
पांच अगस्त तक होंगे दाखिले
जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. धर्मेंद्र शर्मा ने बताया कि माध्यमिक स्कूलों में पांच अगस्त तक दाखिले किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि जिन बच्चों ने अभी तक प्रवेश नहीं लिया है, वह जल्द से जल्द विद्यालय पहुंचकर प्रवेश कराएं। अभिभावकों से भी अपील की कि वह अपने बच्चों को पढ़ाई के प्रति प्रेरित करें।