फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Muzaffarnagar News: उद्यमी बोले, कांवड़ चले पर माल की आवाजाही न थमे

विज्ञापन
विज्ञापन
मुजफ्फरनगर। आस्था और श्रद्धा का प्रमुख पर्व कांवड़ यात्रा को लेकर जिला प्रशासन तैयारियों में जुटा है। आज रात से रूट डायवर्जन प्लान लागू हो जाएगा। इन हालात में जनपद के उद्यमियों की ओर से कच्चे और उत्पादित माल की आवाजाही के लिए कोई वैकल्पिक व्यवस्था करने की मांग की जा रही है। उद्यमियों का मानना है कि कांवड़ यात्रा सकुशल संपन्न हो, लेकिन जनपद की आर्थिक रीढ़ माने जाने वाले उद्योग भी प्रभावित न हों।
विज्ञापन

हरिद्वार से गंगा जल लेकर आने वाले कांवड़ यात्री जनपद से गुजरना शुरू हो गए हैं। आज से सावन का महीना शुरू हो रहा है। धीरे-धीरे जनपद से करोड़ों कांवड़ यात्री गुजरेंगे, उनकी सुरक्षा के लिए रूट डायर्जन लागू किया गया है। रूट डायवर्ट होने से उद्योगों में कच्चे माल सहित तैयार उत्पाद की आवाजाही बाधित हो जाएगी।






-माल से भरे ट्रक कारवां बनाकर गुजारें : अमित जैन



आईआईए के चेयरमैन और प्रमुख उद्यमी अमित जैन का कहना है कि कांवड़ यात्रा आस्था का विषय है। उद्यमी किसी भी श्रद्धालु की आस्था का सम्मान करता है, लेकिन जिला प्रशासन ऐसी व्यवस्था करे कि आवश्यक कच्चे और उत्पादित माल की आवाजाही प्रभावित न हो। कहा कि हाईवे का एक रास्ता कांवड़ियों के लिए सुरक्षित कर बेरिकेडिंग लगाकर दूसरे रास्ते से माल से भरे ट्रक गुजारे जा सकते हैं। इसके अलावा माल से भरे ट्रकों का कारवां बनाकर भी हाईवे के एक साइड में चलाया जा सकता है। क्रॉसिंग वाले स्थानों पर सुरक्षा के मद्देनजर विशेष व्यवस्था की जाए। कहा कि करीब 10 दिन तक माल की सप्लाई बंद होने के कारण उद्यमियों को नुकसान उठाना पड़ता है। इस दौरान उनके ग्राहक टूट जाते हैं।
विज्ञापन



-डायवर्जन प्लान पर समन्वय नहीं बनाया : पवन गोयल

आईआईए के पूर्व चेयरमैन पवन गोयल का कहना है कि जिला प्रशासन ने डायवर्जन प्लान लागू कर दिया है, जो 11 जुलाई से लागू हो जाएगा। बताया कि उद्योग बंधु की बैठक में प्रशासन से उद्यमियों को वैकल्पिक मार्ग दिये जाने की मांग की गई थी। करीब 12 दिन तक माल की आवाजाही बंद रहेगी। इससे उद्योगों पर प्रभाव पड़ेगा। इसलिए बेहतर होता की मुख्य मार्ग दिल्ली-देहरादून हाईवे पर माल से भरे ट्रकों को लाने और ले जाने की व्यवस्था की जाती। हालांकि उद्यमियों के निजी वाहनों के लिए जिला प्रशासन की ओर से 300 पास बनाने का वायदा किया गया है।



-श्रद्धा का रखें ख्याल, उद्योगों पर भी हो ध्यान: एफसी मोघा



मोरवेल ट्यूब्स इंडस्ट्री के चेयरमैन और प्रमुख उद्यमी एफसी मोघा का कहना है कि कांवड़ यात्रियों की श्रद्धा का ख्याल रखा जाना चाहिए। यह धार्मिक मामला है। वे मन से इस यात्रा का सम्मान करते हैं। लेकिन जिला प्रशासन चाहे तो उद्यमियों को भी सुविधा दे सकता है। कम से कम इतना होना चाहिए कि तैयार माल एक खास समय में जनपद से अन्य स्थान भेज दिया जाए। जिला प्रशासन की ओर से कोई भी ऐसी वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की गई। उन्होंने बताया कि उनकी फैक्ट्री में तैयार माल छह राज्यों में जाता है। कांवड़ यात्रा के दौरान माल की सप्लाई बाधित हो जाती है।


-कांवड़ यात्रा आगे बढ़े, कारोबार का पहिया न थमे : मनीष भाटिया

आईआईए वाइस चेयरमैन मनीष भाटिया का कहना है कि कांवड़ यात्रा के दौरान जनपद वासी श्रद्धालुओं की सेवा करना अपना गौरव समझते हैं। वह स्वयं चाहते हैं कि जनपद से गुजरने वाले कांवड़ यात्रियों को काई असुविधा नहीं होनी चाहिए। लेकिन जिला प्रशासन को चाहिए कि ऐसी व्यवस्था करे कि कारोबार का पहिया भी न रुके। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान उत्पादित माल की सप्लाई बंद हो जाती है। जिससे दिक्कत होती है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें