मुजफ्फरनगर। निर्वाचन आयोग की ओर से शुरू किए गए एसआईआर यानी विशेष गहन पुनरीक्षण में प्रशासन की ओर से सभासादों से सहयोग मांगा गया। सभासदों ने बीएलओ की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। आरोप लगाया कि कई क्षेत्रों में बीएलओ लोगों से संपर्क तक नहीं कर रहे। सिटी मजिस्ट्रेट पंकज प्रकाश राठौर ने सभासदों को आश्वस्त किया कि सभी शिकायतों का शीघ्र निस्तारण किया जाएगा।
सिटी मजिस्ट्रेट पंकज प्रकाश राठौर ने नगर पालिका सभागार में सभासदों के साथ बैठक की। इस दौरान कई सभासदों ने शिकायत की कि ब्लॉक लेवल ऑफिसर (बीएलओ) नियमानुसार कार्य नहीं कर रहे हैं। उनका कहना था कि बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन करने की बजाय नाम मात्र का कार्य कर रहे हैं, जिससे नए मतदाताओं के नाम जुड़ने में दिक्कत आ रही है। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची लोकतंत्र की नींव है, और इसमें किसी प्रकार की त्रुटि नहीं रहनी चाहिए। उन्होंने सभासदों से अपील की कि वे अपने-अपने वार्डों में जनता को जागरूक करें।
उन्होंने कहा कि पात्र व्यक्ति का नाम सूची से छूटना या अपात्र व्यक्ति का नाम शामिल होना, दोनों ही स्थितियां लोकतांत्रिक प्रक्रिया के लिए अनुचित हैं। ईओ डॉ. प्रज्ञा सिंह ने कहा कि प्रशासनिक स्तर पर आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं, ताकि पुनरीक्षण अभियान को सफलतापूर्वक संपन्न कराया जा सके। सभासद शौकत अंसारी, कुसुमलता पाल, योगेश मित्तल, अमित पटपटिया, इरशाद हकीम, नवनीत गुप्ता, मोहम्मद खालिद, उमरदराज, अब्दुल सत्तार, देवेश कौशिक, बॉबी सिंह शामिल रहे।