- कनेक्शन चालू कर विभागीय टीम ने मामला किया रफादफा
-मामले की वीडियो सोशल मीडिया पर हुई वायरल
संवाद न्यूज एजेंसी
पुरकाजी। गांव तुगलकपुर निवासी उपभोक्ता बकाया विद्युत बिल जमा नहीं करने पर कनेक्शन काटने से इतना नाराज हुआ कि उसने जेई के कार्यालय में फांसी लगाने का प्रयास किया। विभागीय टीम ने उसका कनेक्शन चालू कर मामला रफादफा किया। मामले की वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुई है।
मामला करीब चार दिन पुराना है। जानकारी मिली है कि गांव तुगलकपुर निवासी एक ग्रामीण उपभोक्ता पर विद्युत बिल का करीब 75 हजार रुपये बकाया है, जिसे वसूलने विद्युत विभाग की टीम उसके घर गई थी। विद्युत बिल जमा नहीं करने पर टीम उसका कनेक्शन काट आई थी। इससे नाराज ग्रामीण उपभोक्ता गांव कमहेड़ा के बिजलीघर पर पहुंचा। वहां बने जेई के कार्यालय में लगे पंखे में रस्सा बांधकर उसमें फांसी लगाकर आत्महत्या करने का प्रयास किया। यह देखकर वहां मौजूद कर्मचारियों ने उपभोक्ता को बचाया, उसे फंदे से नीचे उतारकर घर पहुंचाया। इसकी किसी ने वीडियो बना ली थी।
विद्युत विभाग टीम ने उसका कनेक्शन चालू कर दिया। साथ ही मामले को रफादफा करने का प्रयास किया। बुधवार को इस मामले की वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुई है। इस सम्बंध में एसडीओ कपिल मुनि का कहना है कि विद्युत बिल जमा नहीं करने पर ग्रामीण उपभोक्ता का कनेक्शन काट दिया गया था। ग्रामीण ने आत्महत्या करने का प्रयास कर विभाग पर दबाव बनाया। इसके बाद उसका कनेक्शन चालू कर दिया गया। उनका कहना है कि कुछ विद्युत कर्मियों की मिलीभगत से यह कार्य किया गया है। इस संबंध में पुलिस को भी तहरीर दी गई है। मामले की विभागीय जांच कराकर घटना में संलिप्त पाए जाने वाले विद्युत कर्मियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।