संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। महिलाओं को सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाने के प्रयास में सरकार जुटी है। सामाजिक संस्थाओं ने भी महिलाओं को संक्रमण से बचाने और बीमारी के प्रति जागरुकता फैलाने में भागीदारी शुरू कर दी है। इसी कड़ी में इनरव्हील क्लब ऑफ मुजफ्फरनगर की ओर से सर्वाइकल कैंसर के विरुद्ध टीकाकरण की मुहिम शुरू की गई है। इसके तहत आज कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय की छात्राओं को टीका लगवाया जाएगा।
महिलाओं में बढ़ते सर्वाइकल कैंसर के मामलों के मद्देनजर स्वास्थ्य विभाग के साथ मिलकर सामाजिक संस्थाओं की ओर से भी गंभीर कदम उठाए जा रहे हैं। महिलाओं को सर्वाइकल कैंसर से बचाने के लिए थोड़ी उम्र में ही लड़कियों को एचपीवी वैक्सीन लगवाई जा रही है। यह वैक्सीन नौ से 14 वर्ष आयु वर्ग की लड़कियों को लगवाई जाती है।
वैक्सीन महिलाओं को ह्यूमन पैपिलोमावायरस के संक्रमण से बचाती है, लेकिन बाजार में टीका महंगा होने के कारण इसके प्रतिरक्षण में गति नहीं आ रही। अब कुछ सामाजिक संस्थाओं की ओर से जागरुकता के साथ ही टीकाकरण की जिम्मेदारी भी संभाली गई है।
-केजीबी की 52 छात्राओं को आज लगेगा टीका
सीएमओ डॉ. सुनील तेवतिया ने बताया कि सरकुलर रोड डायट में संचालित कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय की 52 छात्राओं को बृहस्पतिवार को सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए टीका लगाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम इनव्हील क्लब ऑफ मुजफ्फरनगर की ओर से रखा गया है। क्लब की जनपदीय सचिव रिंकू एस गोयल ने बताया कि उनका प्रयास है कि महिलाओं में सर्वाइकल कैंसर के प्रति जागरूकता आए। साथ ही साथ इस बीमारी को रोकने के लिए उनकी ओर से इसके बचाव का टीका भी लड़कियों को लगवाया जा रहा है।