कर्मचारियों के वेतनवृद्धि के लिए बनाई कमेटी ने पेश की रिपोर्ट
देवबंद (सहारनपुर)। इस्लामिक शिक्षण संस्था दारुल उलूम में रविवार को मजलिस-ए-आमला (वर्किंग कमेटी) की बैठक का आयोजन हुआ। जिसमें शिक्षा व निर्माण आदि पर चर्चा करते हुए पूर्व में मजलिस-ए-शूरा द्वारा लिए गए निर्णयों की समीक्षा की गई। संस्था के शिक्षकों व कर्मचारियों की वेतनवृद्धि के लिए शूरा द्वारा बनाई गई कमेटी ने अपनी रिपोर्ट भी पेश की।
संस्था के मेहमानखाने में आयोजित मजलिस-ए-आमला की एक दिवसीय बैठक में आमला सदस्यों के समक्ष शिक्षा और निर्माण आदि से संबंधित रिपोर्ट पेश की। जिस पर चर्चा कर शिक्षा को और अधिक सुदृढ़ बनाने पर जोर दिया गया। आमला सदस्यों ने पूर्व में शूरा द्वारा संस्था हित में लिए गए निर्णयों की समीक्षा की। संस्था के कर्मचारियों के वेतन में वृद्धि पर शूरा सदस्यों द्वारा बनाई गई तीन सदस्य कमेटी ने आमला सदस्यों के समक्ष अपने रिपोर्ट भी पेश की। जिसे शूरा की अगली बैठक में पेश किया जाएगा। शूरा सदस्य ही इस पर अंतिम मुहर लगाएंगे। इसमें मोहतमिम मुफ्ती अबुल कासिम नोमानी, सदर मुदर्रिस मौलाना अरशद मदनी, मौलाना सिद्दीकउल्लाह चौधरी, मौलाना मलिक मोहम्मद इब्राहीम, मौलाना निजामुद्दीन, मौलाना मुफ्ती मो. इस्माईल, मौलाना रहमतुल्लाह कश्मीरी, मौलाना अनवारुल रहमान बिजनौरी व मौलान महमूद राजस्थानी मौजूद रहे।