उत्तर प्रदेश सिख फोरम की बैठक में लगाया आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
देवबंद। दरबार साहिब अमृतसर और कपूरथला में श्री गुरु ग्रंथ साहिब के स्वरूप की बेअदबी के प्रयास पर सिख समाज में भारी रोष है। सिखों ने इस घटना को हिंदू-सिख दंगे कराने की साजिश बताया है।
रेलवे रोड पर रविवार को उत्तर प्रदेश सिख फोरम की बैठक में संगठन चेयरमैन मनमोहन सिंह ने कहा कि पंजाब में एक के बाद एक गुरु ग्रंथ साहिब की बेअदबी की घटनाएं हो रही हैं। अकाली दल सरकार और अब कांग्रेस सरकार का इसको लेकर ढुलमुल रवैया ऐसे असमाजिक तत्वों के हौसले बढ़ा रहा है। दोनों सरकारों की बेअदबी मामलों को लेकर नीति उनकी कार्यप्रणाली पर सवाल खड़ा कर रही है। महामंत्री गुरजोत सिंह सेठी ने कहा कि देश व धर्म विरोधी ताकतें गुरु ग्रंथ साहिब की बेअदबी के द्वारा हिंदुओं व सिखों में दंगे कराकर देश का माहौल खराब करना चाहती हैं। पंजाब के चुनाव के कारण ऐसी घटनाएं बढ़ रही हैं लेकिन राज्य सरकार इनको रोकने में नाकाम साबित हो रही है। उन्होंने केंद्र सरकार से बेअदबी मामलों की जांच सुरक्षा एजेंसियों से कराने तथा दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की। इस मौके पर कुलदीप कुमार, डॉ. गुरदीप सिंह सोढ़ी, हरपाल सिंह कपूर, अवतार सिंह, लाडी कपूर, चंद्रदीप सिंह, बलदीप सिंह, सर्वजीत सिंह धीर, शुशविंदर पाल सिंह टोनी, दिलबाग सिंह, राजेश अनेजा, राजपाल नारंग, हरविंदर सिंह बेदी आदि रहे।