कार का सौदा कर नहीं दी रकम, चार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
मुजफ्फरनगर। मक्कीनगर निवासी चार लोगों ने शाहपुर के युवक से सौदा करने के बाद कार ले ली, लेकिन न तो उसे निर्धारित रकम दी और न ही कार की किस्त जमा की। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
शाहपुर कस्बे के मोहल्ला कस्सावान निवासी आफताब ने बताया कि मोहल्ला मक्कीनगर निवासी उस्मान और जावेद ने उसकी नई कार का सौदा 14 लाख रुपये में तय किया था। उनको आफताब को दो लाख रुपये नगद देने थे और कार की बाकी किस्तें अदा करनी थी। आरोप है कि उक्त न तो कार के दो लाख रुपये दिए और न ही पिछले छह माह में कोई किस्त अदा की। जब उसने शिकायत की तो आरोपियों ने अपने दो अन्य साथियों के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। किसी से शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी भी दी। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।