प्रमुख चौराहों पर दो सौ मीटर तक अतिक्रमण हटेगा
मुजफ्फरनगर। बढ़ते अतिक्रमण के चलते बढ़ रही जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए शहर के सभी प्रमुख चौराहों को 200 मीटर दूरी तक पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त किया जाएगा। नगर मजिस्ट्रेट ने इस बाबत पालिका ईओ व संबंधित थाना पुलिस को पत्र जारी कर जल्द ही अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं।
शहर क्षेत्र में फुटपाथ व गलियारे अतिक्रमण में गुम हो गए हैं। प्रमुख चौराहों की स्थिति भी इससे अलग नहीं हैं। शहर के महावीर चौक, शिवचौक, मीनाक्षी चौक, अहिल्याबाई चौक, विश्वकर्मा चौक, अलमासपुर चौक जैसे सभी प्रमुख चौराहों के लेफ्ट टर्न रोड व फुटपाथों पर ठेली-पटरी वालों का कब्जा है तो सड़कों पर दुकानदारों ने कई फीट तक अतिक्रमण किया हुआ है। सभी चौराहों पर दुकानों के बाहर खड़े होने वाले दुपहिया वाहनों से चौराहे पूरी तरह संकरे हो चुके हैं। इसके चलते इन चौराहों पर हर समय जाम लगने के साथ ही हादसों की भी आशंका बनी रहती है। इस स्थिति से निजात दिलाने के लिए सिटी मजिस्ट्रेट अभिषेक सिंह ने शहर के सभी चौराहों को दो सौ मीटर की दूरी तक अतिक्रमण मुक्त घोषित करते हुए नगरपालिका ईओ के साथ ही संबंधित थाना पुलिस को पत्र जारी कर निर्धारित किए गए क्षेत्र से समस्त ठेली-पटरी वालों को हटाने के साथ ही अतिक्रमण भी हटवाने के निर्देश दिए हैं।
हर दिन बिगड़ते हालात, राहगीर बेहाल
- महावीर चौक: यहां एक तरफ रोडवेज बसों के लिए सरकुलर रोड होते हुए मेरठ की तरफ जाने का मार्ग निर्धारित है, लेकिन अधिकांश रोडवेज व डग्गामार बसें और ई-रिक्शाएं बीच सड़क पर खड़ी रहतीं हैं। सड़क के दूसरी ओर पुलिस पिकेट के निकट बड़ी संख्या में ठेली वालों ने फुटपाथ पर कब्जा कर अस्थाई दुकानों का रूप लिया हुआ है।
- शिवचौक: अतिव्यस्त होने के बावजूद यहां सबसे अधिक अतिक्रमण व अवैध कब्जा रहता है। ठीक सामने एसडी मार्केट में दुकानदारों ने करीब चार से पांच फीट पर कब्जा किया हुआ है तो फुटपाथ पर वाहन खड़े रहते हैं। भगतसिंह रोड व तुलसी पार्क के सामने करीब पांच फीट तक की सड़क ठेली-पटरी वालों ने कब्जाई हुई है। गोल मार्केट में दुकानदारों ने पूरे गलियारे को ही कब्जा करते हुए दुकानों का रूप दे दिया है।
- मीनाक्षी चौक: यहां के हालात तो ओर भी विकट हो चुके हैं। नॉनवेज होटलों की भरमार के चलते इनके बाहर आधी से अधिक सड़क को पार्किंग का रूप दिया जा चुका है, जहां सैकड़ों वाहन हर समय खड़े रहते हैं। दुकानदारों ने बाकी बची सड़क पर ही अपने स्टॉल भी लगाए हुए हैं। सड़क पर हो रहे इस अवैध कब्जे के चलते आए दिन यहां राहगीरों से बदसलूकी व मारपीट की घटनाएं होती हैं, लेकिन थाना पुलिस दबंग दुकानदारों का ही साथ देते हुए शिकायतकर्ताओं को डरा-धमकाकर भगा देती है।
- अहिल्याबाई चौक के लेफ्ट टर्न मार्गों पर फल विक्रेताओं के अवैध कब्जे हैं, जबकि फुटपाथ दुकानों के अतिक्रमण की भेंट चढ़ चुके हैं। वहीं, विश्वकर्मा चौक व अलमासपुर चौक पर भी अधिसंख्य ठेली विक्रेताओं ने सड़कों के सभी फुटपाथों पर कब्जे किए हुए हैं।
इन्होंने कहा.......
सिटी मजिस्ट्रेट अभिषेक सिंह का कहना है कि सभी चौराहों को 200 मीटर तक अतिक्रमण मुक्त घोषित कर दिया गया है। इस दूरी तक किसी भी तरह का अतिक्रमण या ठेली विक्रेताओं का कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस बाबत पालिका ईओ व संबंधित थाना पुलिस को अभियान चलाने के निर्देश दिए जा चुके हैं।
शिव चौक पर सड़क पर ठेला लगाकर किया गया अतिक्रमण।- फोटो : MUZAFFARNAGAR