व्यापारी के परिजनों को दी मौत की सूचना, निकला जीवित
खतौली (मुजफ्फरनगर)। पांच दिन से बेगराजपुर कोविड अस्पताल में भर्ती कस्बा निवासी व्यापारी की मौत की सूचना से परिजनों में कोहराम मच गया। परिजन शव लेने पहुंचे तो वहां व्यापारी जीवित मिला, जिससे वीडियो कॉलिंग पर बात करने के बाद परिजनों ने राहत की सांस ली।
मोहल्ला गणेशपुरी निवासी व्यापारी नरेश कुमार को सात मई को कोरोना पॉजिटिव होने पर मुजफ्फरनगर के आर्यपुरी स्थित निजी कोविड सेंटर में भर्ती कराया गया था। यहां से हालत बिगड़ने पर 14 मई को परिजनों ने उन्हें बेगराजपुर स्थित कोविड अस्पताल में भर्ती करा दिया था। व्यापारी के भाई महेश कुमार ने बताया कि मंगलवार देर रात 1.40 बजे कोविड अस्पताल से उनके भाई नरेश की मौत होने की सूचना देते हुए बुधवार सुबह दस बजे शव लेने आने के लिए कहा गया। नरेश की मौत की सूचना से परिजनों में कोहराम मच गया। बुधवार सुबह परिजन कोविड अस्पताल पहुंचे और शव की मांग की, तो उन्हें नरेश के जीवित होने की जानकारी दी गई। यही नहीं अस्पताल कर्मचारियों ने कोविड वार्ड में भर्ती व्यापारी से वीडियो कॉल के जरिये परिजनों की बात भी कराई। व्यापारी को जीवित देख परिजनों में खुशी की लहर दौड़ गई। बाद में पता चला कि नरेश नाम के उसी वार्ड में भर्ती दूसरे मरीज की मौत हुई थी, जिसकी जगह व्यापारी के परिजनों को उनकी मौत की सूचना दे दी गई। अस्पताल प्रबंधन ने इस गलती पर खेद भी व्यक्त किया, जिसके बाद परिजन हंसी-खुशी घर लौट गए।