फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सिमर्थी की बबीता की थी गादला गांव के जंगल में मिली लाश, प्रेमी पर हत्या का शक

Wed, 24 Apr 2019 11:43 PM IST
Deepak Kausik अमर उजाला ब्यूरो/ मुजफ्फरनगर
विज्ञापन
पोस्टमार्टम हाउस पर खड़े महिला के परिजन। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
गांव गादला के जंगल में मंगलवार को मिली महिला की लाश की पहचान हो गई है। वह छपार के गांव सिमर्थी की रहने वाली थी। परिजनों ने मोर्चरी पर आकर बबीता के रूप में उनकी शनाख्त की। वह 21 अप्रैल को घर से शहर अपने मामा के यहां जाने की बात कह कर निकली थी। परिजनों ने आरोप लगाया कि उसके प्रेमी कपिल ने उसकी हत्या की है। पुलिस ने आरोपी प्रेमी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। उधर, पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
विज्ञापन


भोपा थाना क्षेत्र के गांव गादला निवासी इमरान के खेत शाहदरा मजरे में है। उसने अपनी जमीन गांव के ही ब्रजपाल को बटाई पर दे रखी है। मंगलवार सुबह ब्रजपाल परिजनों के साथ गन्ने की छिलाई कर रहा था। इसी दौरान वहां एक महिला की लाश पड़ी मिली थी। ग्राम प्रधान अशोक की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था।

बुधवार सुबह अखबारों में महिला की लाश मिलने की जानकारी पाकर छपार थाना क्षेत्र के गांव सिमर्थी के प्रधान मनीष चौधरी के साथ परिजन मोर्चरी पहुंचे। मृतका के ससुर राजपाल, जेठ मेघराज के अलावा कंवरपाल, तिरथानंद आदि ने शव की पहचान बबीता (32) पत्नी जोगेंद्र के रूप में की। जानकारी पाकर भोपा पुलिस भी मोर्चरी आ गई। ससुर राजपाल ने बताया कि बबीता 21 अप्रैल को मुजफ्फरनगर अपने मामा के यहां जाने की बात कह घर से निकली थी।
विज्ञापन


रात नौ बजे तक उसके मोबाइल फोन पर बातचीत हुई। उसने बताया कि उसे दवाई लेनी है, इसलिए वह कल आएगी। इसके बाद उसका फोन स्विच ऑफ हो गया। जेठ मेघराज सिंह ने बताया कि करीब ढाई साल से बबीता का प्रेम प्रसंग छपार थाना क्षेत्र के गांव कासमपुरा निवासी कपिल पुत्र धर्मवीर से चल रहा था।

कुछ दिनों से किसी बात को लेकर उनके बीच अनबन चल रही थी। उसने आरोप लगाया कि कपिल ने ही बबीता को यहां लाकर उसकी हत्या की है। इंस्पेक्टर भोपा मगनवीर सिंह गिल ने बताया कि मेघराज की तहरीर पर आरोपी कपिल के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

पति जोगेंद्र की भी हुई थी हत्या
भोपा। बबीता के पति जोगेंद्र की भी करीब साढ़े पांच साल पहले हत्या कर दी गई थी। उसका शव छपरा गांव के जंगल में पड़ा मिला था। गांव के ही दो युवकों के खिलाफ जोगेंद्र की हत्या का मुकदमा दर्ज कराया गया था। हालांकि बाद में दोनों पक्षों में समझौता हो गया था। मृतका के तीन बच्चे अभिषेक (14), बिंदिया (11), प्रिंस (6) है। पिता के बाद अब मां का साया भी इन बच्चों के सिर से उठ गया है। तीनों बच्चों की पालन-पोषण की जिम्मेदारी अब वृद्ध दादा राजपाल पर आ गई है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें