थाना रामराज के ग्राम हाशिमपुर में मृतक के शव के पास विलाप करते परिजन।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
मीरापुर। थाना रामराज के ग्राम हाशिमपुर में एक युवक का शव पेड़ से लटका मिला। मृतक के परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा कर दिया। मृतक के पिता ने तीन लोगों के खिलाफ थाने में तहरीर दी है।
ग्राम हाशिमपुर निवासी अरुण (25 ) पुत्र सूरजभान गांव के ही राहुल पुत्र योगेश के यहां नौकरी करता था। राहुल लगभग दस वर्षों से देहरादून रहता है तथा उसकी खेती की जमीन व घर की देखरेख अरुण करता था। अरुण के परिजनों का कहना है कि बुधवार रात वह खाना खाकर सोने के लिए राहुल के घर चला गया था। सुबह गांव के महिपाल ने अरुण का शव पेड़ पर लटका हुआ देखा। परिजनों ने अरुण की हत्या कर शव पेड़ पर लटकाने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। पुलिस मौके पर पहुंची तथा परिजनों को समझा-बुझाकर शव को पेड़ से उतारा। मृतक के पिता ने थाने में गांव के तीन लोगों के विरुद्घ तहरीर दी है। आरोप है कि 23 जून को गांव के तीन लोगों के साथ अरुण का झगड़ा हो गया था। जिस कारण तीनों ने गांव के ही कुछ लोगों की मौजूदगी में उसे जान से मारने की धमकी दी थी। थानाध्यक्ष का कहना है कि जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता लग सकता है।