मुजफ्फरनगर। जिले के 74 परीक्षा केंद्रों पर यूपी बोर्ड की परीक्षा होगी। 24 मार्च से शुरू होने वाली परीक्षाओं के लिए सभी परीक्षा केंद्रों पर उत्तर पुस्तिकाओं को पहुंचा दिया गया है। रविवार के दिन इस प्रक्रिया को पूरी कराया गया।
डीआईओएस गजेंद्र कुमार ने बताया कि यूपी बोर्ड की परीक्षा 24 मार्च से शुरू होने जा रही है। इन परीक्षाओं को लेकर जिला प्रशासन और विभाग ने सभी तैयारियां पूरी कर ली है। जिले को चार जोन में बांटा गया है। जोनल मजिस्ट्रेट के साथ सेक्टर मजिस्ट्रेट भी लगाए गए है। प्रत्येक सेंटर पर एक स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात रहेगा।
डीआईओएस ने बताया कि जीआईसी में कंट्रोल रूम बनाया है। प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर सीसीटीवी के देखरेख में परीक्षा होगी। सभी परीक्षा केंद्रों को कंट्रोल रूम से जोड़ा गया है। कंट्रोल रूम में बैठकर किसी भी परीक्षा केंद्र के किसी भी कमरे की स्थिति को देखा जा सकता है।
नकलविहीन परीक्षा कराना सरकार और प्रशासन का उद्देश्य है। रविवार को जिले के सभी 74 परीक्षा केंद्रों पर उत्तर पुस्तिकाओं को प्रत्येक परीक्षा केंद्र के केंद्र व्यवस्थापक की देखरेख में उपलब्ध करा दिया है। अन्य परीक्षा सामग्री भी परीक्षा केंद्रों पर पहुंचा दी है। परीक्षाओं को सुचारु और पारदर्शी तरीके से कराने के लिए 21 मार्च को जिला पंचायत सभागार में परीक्षा से जुड़े सभी अधिकारियों की डीएम सीबी सिंह बैठक लेंगे।