चरथावल। भारतीय किसान संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष ठाकुर पूरण सिंह ने कहा कि सरकार गेहूं खरीद पर एमएसपी की गारंटी दे। खेतों में फसल कटने तक खरीद केंद्र संचालित किए जाने की भी मांग की।
मंगलवार को टांडा गांव में आयोजित बैठक में भाकिसं अध्यक्ष ठाकुर पूरण सिंह ने कहा पंचायत चुनाव में नशे की प्रवृत्ति से बचें। मुफ्त में शराब वितरण समाज में बेहद गलत परंपरा है, जिससे बच्चों के भविष्य पर दुष्प्रभाव पड़ता है। उन्होंने किसानों को गेहूं की फसल पर शत-प्रतिशत घोषित एमएसपी के दाम दिलाने के साथ ही फसल कटने तक खरीद केंद्र भी संचालित कराने की मांग शासन-प्रशासन से की है।
उन्होंने शामली जनपद के गांव अलीपुरा में 22 किसानों पर बिजली चोरी के मुकदमे दर्ज किए जाने और उन पर जुर्माने लगाने के संबंध में बुधवार को शामली डीएम को ज्ञापन देने की भी बात कही। किसानों पर बिलों के साथ लगाए गए जुर्माने पर विरोध जताते हुए इस संबंध में डीएम शामली से मिलकर जुर्माना माफ करने की मांग की। समस्या का समाधान न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी गई। बैठक में गांव टांडा निवासी अंकित को जिला महासचिव का दायित्व सौंपा गया। मौके पर महक सिंह, ब्लॉक अध्यक्ष बबली शर्मा, देवी सिंह, नरेश चौधरी, प्रवीण, भपेेंद्र चौधरी, बबलू सिंह, बलराम सिंह, विनोद सिंह मौजूद रहे।