मुजफ्फरनगर। अंकित विहार निवासी अंजू त्यागी ने किराएदार और उसकी पत्नी पर चोरी का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है। आरोप है कि पुलिस में शिकायत करने पर पीड़िता की बेटी के अपहरण की धमकी दी गई।
पीड़िता का कहना है कि लछेड़ा निवासी नवीन चौधरी अपने परिवार के साथ उनके मकान में किराए पर रहते है। उन्होंने अपनी बेटी की शादी के लिए 1.40 लाख रुपये एकत्र कर थैले मेें अलमारी में रखे थे। आरोप है कि 14 मार्च की दोपहर वह मकान पर ताला लगाकर चाबी बाथरूम में रखकर सामान लेने गई थी। वापस आने पर ताला खुला मिला। अलमारी से रुपये भी गायब थे।
आरोप है कि यह रुपये नवीन और उसकी पत्नी ने चोरी किए हैं। महिला ने मामले में घटना वाले दिन ही पुलिस को प्रार्थनापत्र दिया था। बावजूद इसके अब यह मामला दर्ज किया गया। आरोप है कि आरोपी दंपती ने पुलिस से कार्रवाई कराने पर उनकी बेटी के अपहरण की भी धमकी दी। मंडी पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।