पूर्व सांसद व गृह राज्यमंत्री सईदुज्जमां ने तहरीर देकर असामाजिक तत्वों पर अलग-अलग मोबाइल नंबरों से कॉल कर बेटे की हत्या की धमकी देकर दस लाख रुपये रंगदारी मांगने का आरोप लगाया है। पूर्व सांसद का कहना है कि गत 20 दिसंबर के उपद्रव में उनकी गाड़ियां जला दी गईं थीं, जिसकी रिपोर्ट दर्ज कराए जाने के बाद से ही उन्हें धमकियां दी जा रहीं हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के शहीद चौक वेयरगंज निवासी पूर्व सांसद व गृह राज्यमंत्री सईदुज्जमां ने तहरीर देकर बताया कि गत 20 दिसंबर को मेरठ रोड स्थित प्लॉट में खड़ी उनके बेटे सलमान सईद की दो गाड़ियों को आग लगा दी गई थी। इस संबंध में पूर्व सांसद की ओर से सिविल लाइंस थाने में अज्ञात उपद्रवियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी।
पूर्व सांसद सईदुज्जमां का कहना है कि करीब 20 दिन से उनके मोबाइल पर चार अलग-अलग मोबाइल नंबरों से कॉल की जा रहीं हैं। कॉल रिसीव करने पर कॉलर द्वारा अपशब्दों का इस्तेमाल करते हुए दस लाख रुपये की मांग की जाती है।
आरोप है कि रुपये नहीं देने पर बेटे की जिंदा जलाकर हत्या किए जाने की धमकी दी जा रहीं हैं, जिससे उनकी व बेटे समेत पूरे परिवार की जान का खतरा उत्पन्न हो गया है। पूर्व सांसद सईदुज्जमां ने पुलिस से मामले की जांच कर कार जलाने वाले उपद्रवियों व धमकी देने वाले बदमाशों के खिलाफ कार्रवाई के साथ ही सुरक्षा की भी मांग की है।
इंस्पेक्टर अनिल कपरवान का कहना है कि उन्हें पूर्व सांसद द्वारा दी गई तहरीर की जानकारी नहीं है। पूर्व सांसद की उनसे किसी तरह की कोई बात भी नहीं हुई है। इस मामले की जानकारी लेकर कार्रवाई की जाएगी।