झासी रानी चौक पर पर्किग स्थल से हटाई गयी ठेलानुमा दुकानें।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
मुजफ्फरनगर। शहर के झांसी रानी चौक स्थित पार्किंग स्थल को अवैध मार्केट में तब्दील किए जाने के मामले में प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए सभी अस्थायी दुकानों को हटवा दिया है। चेतावनी के बावजूद पार्किंग स्थल में खड़े ठेलों पर भी कार्रवाई संबंधी नोटिस चस्पा कर दिए गए हैं, जिससे ठेला संचालकों में हड़कंप मचा हुआ है।
शहर के नगरपालिका द्वारा छोड़े गए मुख्य पार्किंग स्थलों को संबंधित ठेकेदारों द्वारा अवैध मार्केट में तब्दील कर दिया गया था, जहां ठेली विक्रेताओं की दुकानें लगवाकर उनसे अवैध वसूली की जा रही थी। इनमें झांसी रानी चौक के साथ ही टाउनहाल और जानसठ पुल के नीचे स्थित पार्किंग स्थल शामिल हैं। अमर उजाला ने इस संबंध में खबर प्रकाशित करते हुए प्रशासन का ध्यान इस ओर आकर्षित किया था। इस पर सिटी मजिस्ट्रेट अभिषेक सिंह ने संज्ञान लेते हुए पालिका अफसरों को कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इसके बाद पालिका के कर अधीक्षक आरडी पोरवाल ने संबंधित पार्किंग ठेकेदार के खिलाफ शहर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। अब पालिका प्रशासन ने झांसी रानी चौक पर पार्किंग स्थल में लगवाई गईं सभी अस्थायी दुकानों को वहां से हटवा दिया है। कार्रवाई के बाद जो ठेले अभी भी पार्किंग स्थल में खड़े हैं, उन पर नोटिस चस्पा कर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। वहीं, शहर के टाउन हाल पर स्थित पार्किंग स्थल में अस्थायी दुकानें लगवाने के मामले में भी संबंधित ठेकेदार से जवाब तलब किया जा रहा है।
इन्होंने कहा .......
नगरपालिका के कर अधीक्षक आरडी पोरवाल ने बताया कि झांसी रानी चौक स्थित पार्किंग स्थल से सभी अस्थायी दुकानें व ठेला संचालकों को हटा दिया गया है। शनिवार को कुछ ठेले पार्किंग स्थल में मौजूद मिले, जिन पर नोटिस चस्पा कर संबंधित दुकानदार को ठेला जब्त कर उसके खिलाफ भी कार्रवाई किए जाने की चेतावनी दी गई है।