कोहरे में भिड़ीं रोडवेज बस और कार
मुजफ्फरनगर, बुढ़ाना। कस्बे में मुजफ्फरनगर मार्ग पर शनिवार सुबह कोहरे के चलते तेज रफ्तार रोडवेज बस और कार की आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। बस का भी आगे का हिस्सा क्षतिग्रस्त हुआ। हादसे के बाद मुजफ्फरनगर की ओर जा रही रोडवेज बस में सवार मुसाफिरों में चीखपुकार मच गई। हालांकि गनीमत रही कि हादसे में केवल कार चालक ही मामूली रूप से चोटिल हुआ। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल कार चालक को सीएचसी में उपचार दिलाकर उसे दूसरे वाहन से गंतव्य के लिए रवाना कर दिया।