मीरापुर। दिल्ली-पौड़ी राजमार्ग पर शनिवार रात तेज रफ्तार कार ने सामने से आती बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार 13 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। उसका साथी युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद आरोपी चालक कार लेकर फरार हो गया।
थाना क्षेत्र के गांव जमालपुर निवासी परवेंद्र शनिवार रात रिश्तेदार के पुत्र गांव सिकरेड़ा निवासी अतुल (13) के साथ शादी समारोह में शामिल होने बाइक पर सवार होकर बिजनौर जा रहा था। गांव से निकलते ही दिल्ली-पौड़ी राजमार्ग पर सामने से आती तेज रफ्तार कार ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में अतुल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि परवेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद आरोपी चालक कार लेकर फरार हो गया। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने घायल परवेंद्र को जानसठ सीएचसी में भर्ती कराया। वहीं, किशोर के चाचा जहारिया ने अज्ञात कार चालक के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई है।