क्रिकेट की दीवानगी में घर से निकला किशोर
मुजफ्फरनगर, भोपा। क्रिकेट खेलने की दीवानगी में गांव बेलड़ा निवासी 14 साल का किशोर बिना किसी को बताए बुधवार दोपहर घर से कपड़े लेकर दिल्ली जाने के लिए निकल पड़ा। उसकी साइकिल गंगनहर पुल पर लावारिस पड़ी मिली, जिस पर परिजनों ने उसके अपहरण की आशंका जताते हुए पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मोबाइल फोन की लोकेशन के आधार पर किशोर को मुरादनगर में रोडवेज बस से बरामद कर लिया।
थाना क्षेत्र के गांव बेलड़ा निवासी अमित का 14 वर्षीय बेटा शौर्य बुधवार दोपहर करीब दो बजे संदिग्ध हालात में लापता हो गया। वह साइकिल लेकर घर से निकला था, जिसकी साइकिल बाद में भोपा गंगनहर पुल के पास लावारिस पड़ी मिली। इससे घबराए परिजनों ने अपहरण की आशंका जताते हुए पुलिस से कार्रवाई की गुहार लगाई। पुलिस ने किशोर के मोबाइल की लोकेशन निकलवाकर जांच शुरू कर दी। इसी दौरान उसके मोबाइल की लोकेशन दिल्ली-दून हाईवे पर मुरादनगर के पास मिली। इस पर थाना पुलिस ने मुरादनगर थाना पुलिस को इसकी सूचना दी तो वहां हाईवे पर वाहन चेकिंग शुरू कर दी गई। इसी दौरान मुरादनगर पुलिस ने एक रोडवेज बस से लापता किशोर को सकुशल बरामद कर लिया।
किशोर की बरामदगी की सूचना पर परिजन व थाना पुलिस मुरादनगर के लिए रवाना हो गए, जहां से उसे लेकर थाने लाया गया। यहां पूछताछ में किशोर ने बताया कि उसे क्रिकेट खेलना पसंद है। उसे जानकारी मिली थी कि दिल्ली में अच्छी क्रिकेट कोचिंग मिलती है तो वह घर से दिल्ली जाने के लिए बिना किसी को बताए निकल लिया था। उसने घर से एक बैग में अपने कपड़े भी ले रखे थे, जो बैग उसके पास से ही मिल गया। किशोर के सकुशल मिलने पर परिजनों के साथ ही थाना पुलिस ने भी राहत की सांस ली है।