मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश विश्वविद्यालय महाविद्यालय शिक्षक महासंघ के आह्वान पर डीएवी कॉलेज में शिक्षकों का धरना दूसरे दिन भी जारी रहा। शिक्षकों ने काली पट्टी बांधकर शिक्षण कार्य किया और सांकेतिक विरोध जताया।
शिक्षकों ने अपनी लंबित मांगों को पूरा करने तक आंदोलन जारी रखने का एलान किया है। प्रदर्शन के दौरान शिक्षकों ने अपनी सेवा संबंधी समस्याओं के निस्तारण की मांग की। उन्होंने अपने सम्मान और अधिकारों की रक्षा को भी आवश्यक बताया। शिक्षकों का कहना है कि इन मांगों का सीधा संबंध उच्च शिक्षा की गुणवत्ता से है। महासंघ ने सरकार से शिक्षकों की जायज मांगों पर शीघ्र निर्णय लेने की अपील की। महासंघ के निर्देशानुसार, सभी शिक्षक एकजुट होकर इस आंदोलन में भाग लेते रहेंगे। आगामी पांच नवंबर को जिलेभर के शिक्षक जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपेंगे।
प्रदर्शन में प्रो. विपिन जैन, प्रो. नवीन शर्मा, प्रो. ओमदत्त, प्रो. अमित मलिक, प्रो. सतेंद्र कुमार, प्रो. सचिन कुमार, डॉ. कुलदीप सिंह, डॉ. सहदेव कुमार, डॉ. अनुज त्यागी, डॉ. सुभाष चंद्रा, डॉ. विष्णु मौजूद रहे।