मुजफ्फरनगर। वाणिज्यकर विभाग की जीएसटी की टीम ने पचेंडा रोड पर ई-रिक्शा बनाने की फैक्टरी पर छापा मारकर जांच में करोड़ों रुपये की टैक्स चोरी पकड़ी है। दो दिन चली जांच के बाद विभागीय टीम ने टैक्स चोरी के 94 लाख रुपये मौके पर ही जमा कराए।
एसआईबी के डिप्टी कमिश्नर विवेक मिश्रा ने बताया कि विभाग को सूत्रों के माध्यम से जानकारी मिली थी पचेंडा रोड स्थित ई-रिक्शा बनाने की फैक्टरी में टैक्स चोरी हो रही है। ज्वाइंट कमिश्नर जेएस शुक्ला के नेतृत्व में अधिकारियों की टीम ने छह अक्तूबर को फैक्टरी पर छापा मारकर जांच शुरू की। ई-रिक्शा के निर्माण एवं बिक्री का दो दिन तक समस्त रिकार्ड खंगाला गया। जांच में कर चोरी और अनियमितता सामने आई।
इसी के आधार पर व्यापारी से 94 लाख रुपये मौके पर ही जमा कराए गए। डिप्टी कमिश्नर विवेक मिश्रा ने बताया कि जब्त किए गए रिकार्ड के आधार पर अभी जांच जारी है। जांच टीम में विभाग के अफसरों में असिस्टेंट कमिश्नर वाईपी सिंह, असिस्टेंट कमिश्नर अम्बरीश सिंह, असिस्टेंट कमिश्नर प्रतिभा सिंह, राज्य कर अधिकारी अनिल कुमार, महावीर प्रसाद, रामचन्द्र वर्मा, संदीप सत्यार्थी एवं विपिन कुमार मौजूद रहे ।