मुजफ्फरनगर, बुढ़ाना। कस्बे के कोतवाली रोड पर स्नेहा ब्यूटी पार्लर एवं जनरल स्टोर की आड़ में ब्यूटीपार्लर के अंदर अवैध रूप से नर्सिंग होम चल रहा था। नर्सिंग होम में झोलाछाप महिला चिकित्सक डिलीवरी करती थी। सूचना मिलते ही सीएचसी के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. अन्नू चौधरी ने पुलिस बल के साथ ब्यूटी पार्लर में चल रहे अवैध नर्सिंग होम पर सील लगा दी।
मेरठ जनपद के सरधना थाना क्षेत्र के गांव पिठलोकर निवासी साहिब अपने छोटे भाई की पत्नी समर जहां को डिलिवरी के लिए बुढ़ाना लाया था। आरोप है कि कुछ चिकित्सकों ने उसे अवैध रूप से चल रहे नर्सिंग होम में भर्ती करवाया। सामान्य डिलीवरी के बाद भी अवैध रूप से वसूली की गई। जिसकी शिकायत पुलिस व मुख्य चिकित्साधिकारी को की गई। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. महावीर फौजदार के निर्देश पर सीएचसी के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. अन्नू चौधरी ने पुलिस बल के साथ कोतवाली के पास स्नेहा ब्यूटी पार्लर पर छापा मारा।
ब्यूटीपार्लर के अंदर कोई मरीज तो नहीं मिला। लेकिन इस टीम को डिलीवरी टेबल व उपकरण मिले। एक युवती भी वहां पर मिली। स्थिति की गंभीरता व शिकायत को देखते हुए प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. अन्नू चौधरी ने पुलिस बल के साथ ब्यूटी पार्लर को सील कर दिया। प्रभारी चिकित्साधिकारी ने कहा कि ऐसे चिकित्सालय संचालित नही होंगे देंगे। उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।