यातायात के नियमों का पाठ पढ़ाया
मुजफ्फरनगर, बुढ़ाना। सड़क सुरक्षा सप्ताह कार्यक्रम के अंतर्गत सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी, प्रवर्तन ने कस्बे के महावीर तिराहे पर लोगों को यातायात के नियमों का पाठ पढ़ाया। यातायात के नियमों का पालन न करने वाले दुपहिया व चौपहिया वाहन चालकों को गुलाब का फूल भेंटकर नसीहत दी।
सड़क सुरक्षा सप्ताह कार्यक्रम के अंतर्गत सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी/ प्रवर्तन विनीत कुमार मिश्रा शुक्रवार को बुढ़ाना पहुंचे। अपनी टीम के साथ उन्होंने कस्बे के महावीर तिराहे व चौ. चरण सिंह तिराहे पर यातायात के प्रति जनता को जागरूक किया और नियमों की जानकारी दी। दुपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनकर ही चलने के लिए व दो से अधिक न बैठने के लिए प्रेरित किया। चौपहिया वाहन चालकों को सीट बेल्ट लगाकर ही चलने के लिए प्रेरित किया। इस मौके पर यातायात के नियमों का पालन न करने वाले दुपहिया व चौपहिया वाहन चालकों को गुलाब का फूल भेंटकर नसीहत दी गई। इस मौके पर समाज सेवी डॉ. राजीव कुमार व डॉ. शिवराज सिंह सहित कई पुलिस कर्मी भी मौजूद रहे।