पंखे से लटका मिला महिला का शव
मुजफ्फरनगर, बुढ़ाना। अलीपुर अटेरना गांव में महिला का शव पंखे से लटका मिला। ससुराल वालों ने महिला द्वारा आत्महत्या की बात कही वहीं मायके वालों ने ससुराल वालों पर दहेज की मांग पूरी न होने पर हत्या करने का आरोप लगाया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कोतवाली क्षेत्र के गांव अलीपुर अटेरना निवासी सहदेव भट्टे पर मजदूरी का कार्य करता है। शुक्रवार को सुबह करीब 4 बजे सहदेव की पत्नी पूूनम (28) उठकर घर का काम करने लगी। घर का काम निपटाने के बाद वह ऊपर कमरे में चली गई। बाद में उसका शव दुपट्टे से पंखे में लटका हुआ मिला। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र के चौकी इंचार्ज ब्रहमजीत सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। मृतका के पति सहदेव व ससुर ने पुलिस को बताया कि पूनम ने गले में दुपट्टे से फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली है।
सूचना मिलते ही बागपत जनपद के दोघट थाना क्षेत्र के गांव मौजीजाबाद नांगल निवासी मृतका का भाई लोकेंद्र परिजनों के साथ मौके पर पहुंच गया। कोतवाली में उसने बहन के पति व उसके परिवार वालों पर दहेज की मांग पूरी न होने पर उसकी हत्या करने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। चौकी इंचार्ज ब्रहमजीत सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट व जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।