वार्ड 14 में प्रत्याशी के समर्थकों ने किया हंगामा
मुजफ्फरनगर, चरथावल। जिला पंचायत के वार्ड 14 के प्रत्याशी कृष्णावति के समर्थकों ने धांधली का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। सोमवार को सुबह काफी देर तक अफरातफरी रही। एसडीएम सदर ने मौके पर पहुंचकर मामला शांत कराया। निर्वाचन अधिकारी आरके सागर मतगणना के नतीजे आने से पहले ही जिला मुख्यालय चले गए। उधर, कंट्रोल रूम में अव्यवस्थाएं हावी रहीं। यहां उम्मीदवारों की दिक्कतें उठानी पड़ी। केंद्र के अंदर समस्या सुनने वाला कोई सक्षम अधिकारी नहीं था।
पंचायत चुनाव की मतगणना रविवार पूरी रात चलती रही। जिला पंचायत के वार्ड 14 पर भाकियू नेता विकास शर्मा की पत्नी कृष्णावति निकटतम प्रतिद्वंद्वी से आगे चल रही थीं। आरोप है कि वोटिंग पूरी होने के बाद भाकियू नेता की पत्नी की करीब एक हजार वोटों से बढ़त थी। आरओ कक्ष में उनके कई प्रपत्रों की गिनती कंप्यूटर में नहीं दर्ज की गई। उनके समर्थन में मौके पर हंगामा खड़ा हो गया। काफी देर तक वोटों में धांधली का आरोप लगाकर हंगामा रहा। एसडीएम सदर दीपक कुमार ने मौके पर पहुंचकर जांच कराई, तो कई प्रपत्र एआरओ की कुर्सी पर मिलें। उसके बावजूद काउंटिंग पूरी कराई गई और उनका डाटा जिला मुख्यालय भिजवाकर मामले को शांत किया। उधर, गांव कुटेसरा, चरथावल देहात, लुहारी खुर्द, खांजापुर, हैबतपुर आदि गांवों की गिनती पूरी रात चली। सुबह करीब 11 बजे मतगणना पूरी हो गई थी।