सर्दी बढ़ने के साथ गन्ने में रिकवरी बढ़ी
मुजफ्फरनगर। जिले में सर्दी बढ़ने के साथ ही गन्ने में चीनी की रिकवरी बढ़ गई है। जनपद की चार चीनी मिलों में रिकवरी दस प्रतिशत से ऊपर पहुंच गई है। बारिश में जहां रिकवरी बहुत तेजी से घट गई थी वहीं सर्दी बढ़ते ही गन्ने के रस में चीनी की मात्रा बढ़ी है।
जिले की आठ चीनी मिलों के आंकड़े बता रहे हैं कि सर्दी की दस्तक के साथ की गन्ने में चीनी की रिकवरी बढ़ गई है। एक माह पहले बारिश के कारण जो रिकवरी 6.8 प्रतिशत तक पहुंच गई थी, वह अब लगभग दस प्रतिशत पर चल रही है। जिले की चार चीनी मिलों खतौली, मंसूरपुर, टिकौला, बुढ़ाना में रिकवरी दस प्रतिशत से ऊपर पहुंच गई है।
जिले का 16 नवंबर का रिकवरी का सभी आठ चीनी मिलों का कुल औसत 9.79 प्रतिशत रहा। हालांकि इस सत्र में पेराई के पहले दिन से अब तक का कुल औसत 9.48 प्रतिशत है। रिकवरी बढ़ने के साथ कुल औसत भी तेजी के साथ बढ़ रहा है।
चीनी मिल रिकवरी
खतौली 10.35 प्रतिशत
तितावी 9.85 प्रतिशत
बुढ़ाना 10.01 प्रतिशत
मंसूरपुर 10.08 प्रतिशत
टिकौला 10.10 प्रतिशत
खाईखेड़ी 8.81 प्रतिशत
रोहाना 9.3 प्रतिशत
मोरना 9.80 प्रतिशत
बारिश में 6.8 प्रतिशत तक आ गई थी रिकवरी
अक्तूबर माह के शुरू में लगातार बारिश से रिकवरी 6.8 प्रतिशत पर आ गई थी। इस बार बेमौसमी बारिश के कारण गन्ने की पेराई देरी से प्रारंभ हुई।
पेराई सत्र लेट हुआ
प्रदेश सरकार ने चीनी मिलों में पेराई अक्तूबर माह के अंत में शुरू करने की घोषणा की थी, लेकिन गन्ने में कम रिकवरी के चलते सत्र में देरी हुई। जिले की सभी चीनी मिले यहां दस नवंबर तक ही चल पाई, अधिकतम नवंबर के पहले सप्ताह में प्रारंभ हुई।
सर्दी में बढ़ जाती है रिकवरी
जिला गन्ना अधिकारी आरडी द्विवेदी ने बताया कि जिस तरह सर्दी बढ़ती है, गन्ने में चीनी की मात्रा बढ़ जाती है। सर्दी बढ़ने से एक माह में तीन प्रतिशत रिकवरी बढ़ गई है। फरवरी तक यह लगातार बढ़ती है।