संवाद न्यूज एजेंसी
मीरापुर। रामराज सहकारी गन्ना विकास समिति की सामान्य निकाय सभा का आयोजन रामराज के मॉडर्न इंटर कॉलेज में हुआ। निकाय सभा में अगले वित्तीय वर्ष में कराए जाने वाले निर्माण, विकास कार्यों से संबंधित बजट पेश किया गया। बजट में विभिन्न निर्माण कार्यों के लिए 2 करोड़ 59 लाख 63 हजार रुपये का प्रावधान किया गया।
रविवार को रामराज सहकारी गन्ना विकास समिति की सामान्य निकाय सभा का आयोजन किया गया। निकाय सभा में रामराज गन्ना समिति के चेयरमैन, गन्ना समिति के डायरेक्टर, टिकोला शुगर मिल के अधिकारी, किसानों ने भाग लिया। बजट से पूर्व सभा को विभिन्न किसानों ने संबोधित किया। किसानों ने टिकोला शुगर मिल से उन्हें बुआई के लिए बीज उपलब्ध कराने की मांग की गई
किसानों की समस्याएं सुनने के बाद निकाय सभा में अगले वित्तीय वर्ष का बजट पेश किया गया। बजट में गन्ना समिति की ओर से अगले वित्तीय वर्ष में कराए जाने वाले कार्यों का ब्योरा दिया गया। बजट में गन्ना समिति की ओर से मीरापुर में गोदाम बनाने के लिए 39.95 लाख का प्रावधान किया गया, जबकि गोदाम की बाउंड्री बनाने के लिए 38.21 लाख रुपये का प्रावधान किया गया। एक गोदाम रामराज में बनाने के लिए 37.47 लाख रुपये का प्रावधान किया गया। गन्ना समिति की मरम्मत, रंगाई पुताई के लिए 10 लाख रुपये का प्रावधान किया गया।
रामराज सहकारी गन्ना विकास समिति में सड़क से गेट तक दुकानों का निर्माण कराने के लिए 45 लाख रुपये का प्रावधान किया गया। गन्ना समिति में बनाए गए नए भवन के निकट, समिति के अंदर इंटर लॉकिंग टाइल लगाने के लिए 30 लाख रुपये का प्रावधान किया गया। कार्यालय का मुख्य द्वारा बनाने के लिए 19 लाख रुपये का प्रावधान किया गया।
सभा में कुल 2 करोड़ 59 लाख 63 हजार रुपये का बजट पेश किया गया। समिति के सचिव सुभाष सिंह यादव ने बताया कि बजट पेश कर दिया है। मंजूरी मिलने के बाद जल्दी ही सभी कार्यों को प्रारंभ कर दिया जाएगा।
बैठक में रामराज गन्ना समिति के चेयरमैन पंकज प्रताप सिंह, सचिव सुभाष यादव, ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक सोवीर सिंह, टिकोला शुगर मिल के गन्ना प्रबंधक सईम अंसार, संदीप मौतला मौजूद रहे।