सब रजिस्ट्रार बुढ़ाना पर दुर्व्यवहार का आरोप
मुजफ्फरनगर, बुढ़ाना। बार एसोसिएशन बुढ़ाना के अध्यक्ष सहित कई अधिवक्ताओं ने सब रजिस्ट्रार बुढ़ाना पर अधिवक्ताओं व दस्तावेज लेखकों के साथ दुर्व्यवहार करने का आरोप लगाया है। अधिवक्ताओं के प्रतिनिधि मंडल ने जिलाधिकारी व अपर आयुक्त स्टांप से मिलकर शिकायती पत्र देते हुए सब रजिस्ट्रार के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
सब रजिस्ट्रार बुढ़ाना के दुर्व्यवहार से परेशान अधिवक्ताओं ने मीटिंग में लिए गए निर्णय के अनुसार मंगलवार को जिलाधिकारी चंद्र भूषण सिंह से मुलाकात की। बार एसोसिएशन के अध्यक्ष विनय बालियान के नेतृत्व में जिलाधिकारी से मिले प्रतिनिधि मंडल ने उन्हे शिकायती पत्र देकर उनकी खराब कार्यशैली से अवगत कराया। अधिवक्ताओं ने जिलाधिकारी को बताया कि महिला सब रजिस्ट्रार के खिलाफ कई बार शिकायत भेजी जा चुकी है। इसके बाद भी उनकी कार्यशैली में कोई परिवर्तन नही आया है। अधिवक्ताओं के प्रतिनिधि मंडल ने जिलाधिकारी से बताया कि अधिवक्ता व दस्तावेज लेखकों का अपमान करना उनकी आदत बन गई है। अधिवक्ताओं ने जिलाधिकारी से सब रजिस्ट्रार के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
जिलाधिकारी के जांच कर कार्रवाई के आश्वासन पर अधिवक्ता संतुष्ट हुए। अधिवक्ताओं ने फिर अपर आयुक्त स्टांप से मुलाकात की। उन्हे भी शिकयती पत्र देते हुए कार्रवाई की मांग की। इस मौके पर बार एसोसिएशन बुढ़ाना के सचिव विश्वास त्यागी, विनोद त्यागी तथा श्यामवीर वर्मा आदि मौजूद रहे।